अमेरिका में हवाई सेवाओं पर संकट जारी, 300 फ्लाइट्स रद्द; एयरलाइंस को भारी आर्थिक नुकसान

2

अमेरिका में तीसरे दिन भी उड़ानों पर तकनीकी संकट का साया, 300 फ्लाइट्स रद; एयरलाइंस को 34.5 करोड़ डॉलर का नुकसान

अमेरिका की हवाई यातायात व्यवस्था में आई तकनीकी खराबी का असर लगातार तीसरे दिन भी देखने को मिला। सोमवार को करीब 300 उड़ानें रद करनी पड़ीं, जबकि 1,500 से ज्यादा फ्लाइट्स देरी से संचालित हुईं। हालांकि, शुरुआती दो दिनों के मुकाबले हालात में कुछ सुधार हुआ और विमान सेवाओं को सामान्य करने की कोशिशें जारी रहीं।

फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटअवेयर के आंकड़ों के अनुसार, रविवार को 2,300 से अधिक उड़ानें रद हुई थीं और लगभग 11 हजार फ्लाइट्स देरी से चली थीं। तकनीकी समस्या के शुरुआती दो दिनों में 18 हजार से अधिक उड़ानें रद करनी पड़ीं। इसे अमेरिका के विमानन इतिहास में पिछले 25 वर्षों के बड़े परिचालन व्यवधानों में शामिल किया जा रहा है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, नियमित रखरखाव के दौरान एक नया राउटर स्थापित करते समय तकनीकी गड़बड़ी शुरू हुई थी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी इस समस्या पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पुराने उपकरण अब काम करने में असमर्थ हो रहे हैं और उन्हें जल्द बदलने की जरूरत है।

चार प्रमुख एयरलाइंस को करोड़ों डॉलर की चपत

उड़ानों के रद होने और देरी से विमानन कंपनियों को बड़ा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। ब्रोकरेज फर्म बर्नस्टीन के अनुमान के मुताबिक, अमेरिकन एयरलाइंस, डेल्टा, यूनाइटेड और साउथवेस्ट को कुल मिलाकर करीब 34.5 करोड़ डॉलर का कर-पूर्व नुकसान हुआ है।

बीओएफए के विश्लेषण के अनुसार, जेटब्लू सबसे अधिक प्रभावित रही, जिसकी 28 प्रतिशत उड़ानें रद करनी पड़ीं। अमेरिकन एयरलाइंस की 22 प्रतिशत फ्लाइट्स रद हुईं। वहीं, डेल्टा की 5 प्रतिशत, यूनाइटेड की 3 प्रतिशत और साउथवेस्ट की 4 प्रतिशत उड़ानें रद करनी पड़ीं।

इसका असर शेयर बाजार में भी नजर आया। जेटब्लू के शेयर करीब 2 प्रतिशत गिर गए, जबकि अन्य विमानन कंपनियों के शेयरों में 1 से 2 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई। राउटर बनाने वाली एयरोस्पेस और रक्षा क्षेत्र की कंपनी एल3हैरिस के शेयर भी लगभग 3 प्रतिशत टूट गए।

पुराने सिस्टम और स्टाफ की कमी ने बढ़ाई चिंता

अमेरिकी परिवहन मंत्री सीन डफी ने CNBC को दिए इंटरव्यू में बताया कि इस तकनीकी व्यवधान के दौरान करीब 28 हजार उड़ानों में देरी हुई और इससे अरबों डॉलर का नुकसान हुआ। उन्होंने अमेरिकी विमानन ढांचे में बड़े स्तर पर बदलाव की जरूरत बताई।

डफी के मुताबिक, फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) अब भी पुराने कंप्यूटर सिस्टम, फ्लॉपी डिस्क और विमानों की निगरानी के लिए कागज की स्ट्रिप जैसी तकनीकों का इस्तेमाल कर रहा है।

उन्होंने यह भी संकेत दिया कि एयर ट्रैफिक कंट्रोलरों की कमी समस्या को और गंभीर बना रही है। लगातार सामने आ रही तकनीकी और परिचालन चुनौतियों ने अमेरिका की हवाई यातायात प्रणाली को आधुनिक बनाने की आवश्यकता पर फिर से बहस छेड़ दी है।

Comments are closed.