संविधान दिवस पर सपा का चुनावी दांव, अखिलेश यादव आज जारी करेंगे ‘पीडीए का प्रणपत्र’, महिलाओं और युवाओं पर रहेगा फोकस
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव गुरुवार को संविधान दिवस के मौके पर चुनावी घोषणापत्र जारी करेंगे। सपा ने अपने इस दस्तावेज को ‘जन-मन का मैनिफेस्टो’ और ‘पीडीए का प्रणपत्र’ नाम दिया है।
घोषणापत्र जारी करने के लिए संविधान दिवस का चयन पार्टी की राजनीतिक रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। इसके जरिए सपा सामाजिक न्याय, संवैधानिक मूल्यों और आम जनता की अपेक्षाओं को अपने चुनावी एजेंडे से जोड़ना चाहती है। अखिलेश यादव पहले ही कई बड़े चुनावी वादे कर चुके हैं। अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि पार्टी इन घोषणाओं को किस तरह नीतियों और कल्याणकारी योजनाओं का रूप देती है।
महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये देने का वादा
सपा प्रमुख महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान कर चुके हैं। इसके अलावा स्त्री समृद्धि योजना भी पार्टी के प्रमुख वादों में शामिल है। युवाओं के लिए आउटसोर्सिंग व्यवस्था खत्म कर नियमित नौकरी देने, पुरानी पेंशन योजना बहाल करने और सरकारी भर्तियों में आरक्षण का पूरा लाभ सुनिश्चित करने की बात कही गई है।
किसानों को भी घोषणापत्र के केंद्र में रखने की तैयारी है। अखिलेश यादव गन्ना किसानों को 24 घंटे के भीतर भुगतान सुनिश्चित करने का वादा कर चुके हैं। माना जा रहा है कि नए घोषणापत्र में कृषि, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता दी जाएगी।
पुराने चुनावी वादों को भी मिल सकती है जगह
सपा ने 2022 के विधानसभा चुनाव में 300 यूनिट मुफ्त बिजली, किसानों की कर्जमाफी और लैपटॉप वितरण जैसे वादे किए थे। इस बार भी इन घोषणाओं को नए स्वरूप में शामिल किए जाने की संभावना है।
अखिलेश यादव गोमती रिवरफ्रंट पर दो दर्जन से अधिक महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित कराने की घोषणा भी कर चुके हैं। पार्टी का प्रयास है कि नए घोषणापत्र के माध्यम से महिलाओं, युवाओं, किसानों और कर्मचारियों के बीच अपनी पकड़ मजबूत की जाए।
हर जिले के लिए अलग घोषणापत्र लाने की तैयारी
सपा के वादों को भाजपा की लाभार्थी योजनाओं और कल्याणकारी राजनीति के मुकाबले के तौर पर भी देखा जा रहा है। पार्टी ने प्रदेश के प्रत्येक जिले के लिए अलग घोषणापत्र जारी करने की योजना भी बनाई है। हालांकि, जिला स्तर के घोषणापत्र मुख्य दस्तावेज के बाद जारी किए जा सकते हैं।
इस बार सपा का चुनावी एजेंडा पीडीए की अवधारणा के साथ रोजगार, आरक्षण, महिला सशक्तीकरण और किसान हितों पर केंद्रित नजर आ रहा है। ऐसे में अखिलेश यादव के घोषणापत्र पर सभी की निगाहें टिकी हैं कि पार्टी अपने पुराने वादों के अलावा जनता के लिए कौन से नए चुनावी ऐलान करती है।
Comments are closed.