मिस्र में भीषण हादसा: पेट्रोलियम पदार्थों से भरे टैंकर में लगी आग, 31 लोगों की मौत, इलाके में मचा हड़कंप
मिस्र में भीषण सड़क हादसे के बाद आग का तांडव, पेट्रोलियम टैंकर पलटने से 31 की मौत, 15 घायल
मिस्र में बुधवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना के बाद बड़ा अग्निकांड हो गया। पेट्रोलियम उत्पादों से भरा एक वाहन पलटने के बाद आग की चपेट में आ गया, जिसमें 31 लोगों की मौत हो गई और 15 अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना ग्रेटर काहिरा के रिंग रोड पर गीजा के अल-वर्राक इलाके में हुई। पेट्रोलियम उत्पादों से लदा वाहन एक सुरंग के ऊपर पलट गया, जिसके बाद उसमें आग भड़क उठी।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के लिए अभियान शुरू किया। काफी प्रयासों के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका। हादसे में घायल हुए 15 लोगों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
जिस रिंग रोड पर दुर्घटना हुई, वह काहिरा, गीजा और कल्यूबिया प्रांतों को प्रमुख राजमार्गों से जोड़ता है। इस मार्ग पर भारी यातायात रहता है, जिससे हादसे की गंभीरता और बढ़ गई।
गौरतलब है कि मिस्र में सड़क दुर्घटनाओं की घटनाएं चिंता का विषय बनी हुई हैं। तेज रफ्तार, यातायात नियमों का पालन नहीं करना और खराब सड़कों को दुर्घटनाओं की प्रमुख वजहों में गिना जाता है।
हालांकि, सड़क यातायात को सुगम बनाने के लिए मिस्र सरकार ने हाल के वर्षों में कई नए राजमार्गों और पुलों का निर्माण कराया है। इसके बावजूद सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना देश के लिए एक बड़ी चुनौती बना हुआ है।
Comments are closed.