LPG सब्सिडी के लिए आधार सत्यापन जरूरी, फर्जी कनेक्शनों पर सरकार ने कसा शिकंजा

2

LPG सब्सिडी लेने वालों के लिए जरूरी खबर, 1 अक्टूबर से आधार बायोमीट्रिक सत्यापन अनिवार्य

घरेलू एलपीजी सिलिंडर पर सब्सिडी का लाभ लेने वाले उपभोक्ताओं के लिए 1 अक्टूबर से आधार बायोमीट्रिक प्रमाणीकरण पूरा करना जरूरी होगा। सरकार ने यह व्यवस्था सब्सिडी को सही लाभार्थियों तक पहुंचाने और फर्जी या डुप्लीकेट एलपीजी कनेक्शनों पर रोक लगाने के लिए लागू की है।

जिन उपभोक्ताओं ने पहले ही आधार बायोमीट्रिक सत्यापन या ई-केवाईसी करा ली है, उन्हें दोबारा यह प्रक्रिया पूरी नहीं करनी होगी।

करीब 90% उपभोक्ताओं का सत्यापन पूरा

पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के मुताबिक, 19 सितंबर तक 27.43 करोड़ सक्रिय घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं का आधार बायोमीट्रिक सत्यापन हो चुका था। यह कुल उपभोक्ताओं का करीब 89.9 प्रतिशत है। सत्यापन की शुरुआती अंतिम तारीख 30 जून थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 14 सितंबर कर दिया गया था।

सितंबर 2026 में 14.2 किलोग्राम के घरेलू एलपीजी सिलिंडर पर करीब 210 रुपये की अप्रत्यक्ष सब्सिडी दी जा रही है। जिन ग्राहकों ने अभी तक सत्यापन नहीं कराया है, वे प्रक्रिया पूरी करने के बाद सब्सिडी वाले सिलिंडर की बुकिंग कर सकेंगे।

डिलीवरी के समय भी करा सकते हैं सत्यापन

आधार बायोमीट्रिक प्रमाणीकरण एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर के शोरूम पर कराया जा सकता है। इसके अलावा सिलिंडर की डिलीवरी के समय डिलीवरी कर्मचारी के मोबाइल एप के जरिए भी सत्यापन की सुविधा है। तेल कंपनियों के मोबाइल एप के माध्यम से उपभोक्ता घर बैठे ई-केवाईसी भी पूरी कर सकते हैं।

आधार सत्यापन नहीं कराने पर एलपीजी सिलिंडर की सप्लाई बंद नहीं होगी, लेकिन उपभोक्ता सब्सिडी के लिए पात्र नहीं होंगे। ऐसे ग्राहकों को सिलिंडर बाजार मूल्य पर खरीदना पड़ेगा।

इन एप से घर बैठे पूरी करें ई-केवाईसी

इंडेन: IndianOil ONE एप
भारतगैस: HelloBPCL एप
एचपी गैस: HP Pay एप

इसके अलावा उपभोक्ता संबंधित तेल कंपनी के वेब पोर्टल, WhatsApp चैटबॉट और IVRS के जरिए भी पंजीकरण करा सकते हैं। स्थानीय उपलब्धता के अनुसार 5 किलोग्राम और 10 किलोग्राम के सिलिंडर भी उपलब्ध कराए जा सकते हैं।

Comments are closed.