पंजाब के जालंधर के मॉडल टाउन इलाके में शुक्रवार को दिनदहाड़े आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता लक्की ओबरॉय की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अज्ञात हमलावरों ने बेहद करीब से उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लक्की ओबरॉय किसी निजी काम से मॉडल टाउन स्थित गुरुद्वारा साहिब के पास पहुंचे थे। वह अपनी थार गाड़ी में बैठे हुए थे, तभी अचानक हमलावर वहां पहुंचे और उन पर गोलियां बरसा दीं। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब 13 राउंड फायरिंग की, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
गंभीर हालत में लक्की ओबरॉय को तुरंत श्री राम स्पेशलिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। कई राजनीतिक नेता, पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंच गए। एडीसीपी जयंत पुरी समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल हमले के पीछे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
Comments are closed.