PM मोदी के कथित मॉर्फ्ड वीडियो मामले में मेटा इंडिया हेड समेत कई सोशल मीडिया अकाउंट्स पर FIR
हैदराबाद साइबर क्राइम पुलिस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जुड़े कथित मॉर्फ्ड और आपत्तिजनक वीडियो एवं तस्वीरों के प्रसार के मामले में मेटा इंडिया हेड अरुण श्रीनिवास, कई फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस ने यह कार्रवाई तेलंगाना के दो लोगों की शिकायत के आधार पर की है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री की एआई-जनरेटेड या डिजिटल रूप से एडिट की गई आपत्तिजनक सामग्री साझा की गई, जिससे गलत सूचना फैलने और सामाजिक शांति प्रभावित होने की आशंका है।
शिकायत में क्या कहा गया?
शिकायतकर्ताओं के अनुसार, इंस्टाग्राम ब्राउज़ करते समय उन्हें प्रधानमंत्री मोदी से जुड़े कई कथित मॉर्फ्ड वीडियो और तस्वीरें मिलीं, जिनमें उन्हें अश्लील, अपमानजनक और भ्रामक तरीके से दिखाया गया था।
शिकायत में कहा गया है कि इन पोस्टों के साथ की गई टिप्पणियों में भी आपत्तिजनक भाषा और अभद्र टिप्पणियां थीं, जिससे ऐसे कंटेंट का प्रसार और बढ़ावा मिला। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि यह सामग्री डिजिटल रूप से एडिट की गई या एआई की मदद से तैयार कर सोशल मीडिया पर प्रसारित की गई।
दो शिकायतों पर दर्ज हुए केस
यह शिकायतें 29 वर्षीय कारोबारी एस. अरविंद रेड्डी और तेलंगाना भाजपा कार्यकर्ता टी. साईकिरण गौड़ ने दर्ज कराई हैं। इसके आधार पर पुलिस ने दो अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं।
पुलिस ने संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट्स के संचालकों को आरोपी बनाया है, जबकि मेटा इंडिया हेड अरुण श्रीनिवास को दोनों मामलों में सह-आरोपी के रूप में नामजद किया गया है। मामले की जांच जारी है।
सरकार को मेटा का आश्वासन
हालिया विवाद के बाद मेटा ने केंद्र सरकार को आश्वस्त किया है कि प्रधानमंत्री सहित अन्य प्रमुख वीआईपी अकाउंट्स के लिए अतिरिक्त सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था लागू की जाएगी।
सूत्रों के मुताबिक, आगे से ऐसे संवेदनशील अकाउंट्स से जुड़े मॉडरेशन संबंधी फैसलों की समीक्षा कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी करेंगे। कंटेंट रेगुलेशन और अन्य मुद्दों पर चर्चा के लिए मेटा की टीम इस सप्ताह सरकार के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात कर सकती है।
दिल्ली पुलिस भी कर चुकी है कार्रवाई
इससे पहले दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर हुए छात्र प्रदर्शनों और 20 जुलाई के ‘संसद चलो’ मार्च के दौरान प्रधानमंत्री के खिलाफ कथित आपत्तिजनक और अपमानजनक पोस्ट साझा किए जाने के मामले में कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को ऐसे कंटेंट हटाने के निर्देश दिए थे। इसके अलावा, पुलिस ने कई सोशल मीडिया अकाउंट्स और कुछ न्यूज पोर्टलों को भी नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। इस मामले में भी जांच जारी है।
Comments are closed.