अफगान लड़ाकों का पाकिस्तान पर जोरदार हमला, सेना के टैंक कब्जे में; शहबाज ने सऊदी और कतर से मदद मांगी
पाकिस्तान और अफगानिस्तान की सीमा पर बुधवार को फिर से झड़पें हुईं। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर पहले हमले का आरोप लगाते हुए सैन्य चौकियों और टैंकों पर कब्जा करने का दावा कर रहे हैं।
अफगान तालिबान ने कहा कि पाकिस्तान ने कंधार प्रांत के स्पिन बोल्डक पर एयर स्ट्राइक की, लेकिन जवाबी कार्रवाई में उसने पाकिस्तानी सेना के कई टैंक और चौकियां अपने कब्जे में ले लीं। शाम को 48 घंटे का संघर्ष विराम लागू किया गया।
पाकिस्तान का दावा
पाकिस्तानी सेना ने कहा कि उसने हमलों में 40 अफगान हमलावरों को मार गिराया, जबकि तालिबान ने बताया कि एयर स्ट्राइक में उसके दर्जनभर नागरिक मारे गए और 100 घायल हुए। पाकिस्तान ने यह भी दावा किया कि तालिबान के हमलों में उसके चार नागरिक घायल हुए और जवाबी हमले में 15-20 लड़ाके मारे गए, साथ ही एक तालिबानी टैंक नष्ट किया गया।
तालिबान की कार्रवाई
अफगान तालिबान ने कई चौकियों और टैंकों पर कब्जा करने का दावा किया। एक वीडियो में तालिबानी लड़ाके सड़क पर पाकिस्तानी टैंक दौड़ाते दिखाई दे रहे हैं। कुर्रम इलाके में पाकिस्तानी सेना ने तालिबान की एक पोस्ट और टैंक को निशाना बनाया, जिसमें कई तालिबानी लड़ाके मारे गए और एक प्रशिक्षण केंद्र ध्वस्त हो गया। वहीं, ओरकजई जिले में एक संघर्ष में छह पाकिस्तानी अर्धसैनिक जवान और नौ आतंकी मारे गए।
सऊदी अरब और कतर की मध्यस्थता
पिछले सप्ताह सऊदी अरब और कतर की मध्यस्थता से दोनों देशों के बीच संघर्ष विराम हुआ था। यह तनाव तब बढ़ा जब पाकिस्तान ने अफगान तालिबान से उन आतंकियों को नियंत्रित करने की मांग की, जो पाकिस्तान में हमले कर रहे थे। अफगान तालिबान ने पाकिस्तानी सेना पर अफगानिस्तान में गलत सूचनाएं फैलाने, सीमा पर तनाव बढ़ाने और आईएस से जुड़े चरमपंथियों को पनाह देने का आरोप लगाया।
Comments are closed.