धनतेरस पर हुई जबरदस्त खरीदारी के बाद अब छोटी दिवाली की धूम, देशभर में उत्सव का माहौल

3

देशभर में दिवाली का उत्सव अपने चरम पर है। शनिवार को धनतेरस के मौके पर बाजारों में जबरदस्त भीड़ उमड़ी। लोगों ने सोना-चांदी, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल्स और घरेलू सामान की जमकर खरीदारी की।

जीएसटी में कटौती से टीवी, फ्रिज और गीजर जैसी वस्तुएं सस्ती होने के कारण ग्राहकों में खासा उत्साह दिखा। वहीं, गोल्ड-सिल्वर के दाम बढ़ने के बावजूद खरीदारों का जोश कम नहीं हुआ। अब लोग सोमवार को मनाई जाने वाली दिवाली की तैयारियों में जुटे हैं — घरों की सफाई, सजावट और पूजा की तैयारियां जोरों पर हैं।

अयोध्या में आज जगमगाएगी रोशनी
प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या में आज शाम सरयू तट पर 9वां भव्य दीपोत्सव मनाया जाएगा। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में नयाघाट से लक्ष्मण घाट तक 11 जोन बनाए गए हैं, जहां सैकड़ों प्रतिभागी आरती करेंगे। राम मंदिर निर्माण और दीपोत्सव की परंपरा ने अयोध्या की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को और भव्य बना दिया है।

छोटी दिवाली पर हनुमान पूजा का शुभ योग
छोटी दिवाली, जिसे नरक चतुर्दशी भी कहा जाता है, इस बार 19 अक्टूबर को मनाई जा रही है। पंचांग के अनुसार चतुर्दशी तिथि 19 अक्टूबर दोपहर 1:51 बजे से शुरू होकर 20 अक्टूबर दोपहर 3:44 बजे तक रहेगी। इस दिन हनुमान जी की विशेष पूजा का विधान है। भक्त इस अवसर पर हनुमान जी की आराधना कर सुख-समृद्धि और बुरी शक्तियों से रक्षा की कामना करते हैं।

कर्नाटक में पटाखे की दुकान में आग, बड़ा हादसा टला
कर्नाटक के मेडक जिले में छोटी दिवाली से पहले एक पटाखे की दुकान में भीषण आग लग गई। हादसे में दुकान पूरी तरह जलकर खाक हो गई, हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया।

छोटी दिवाली पर क्या खरीदना है शुभ
छोटी दिवाली के दिन दीये, मोमबत्तियां और सजावटी लाइटें खरीदना शुभ माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन घर में 13 या 14 दीये जलाने से नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है और घर में सुख-शांति आती है। साथ ही, यमराज के नाम का दीपक जलाने का भी विशेष महत्व बताया गया है।

Comments are closed.