अमेरिका के पूर्वी तट पर संभावित भीषण विंटर स्टॉर्म को देखते हुए एयर इंडिया ने यात्रा परामर्श जारी किया है।
भारी बर्फबारी और खराब मौसम के पूर्वानुमान के चलते एयरलाइन ने 25 और 26 जनवरी को न्यूयॉर्क (JFK) और नेवार्क (EWR) से आने-जाने वाली सभी उड़ानें रद्द कर दी हैं। एयर इंडिया ने कहा कि यह निर्णय यात्रियों और क्रू की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
एयर इंडिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी बयान में कहा, “रविवार सुबह से सोमवार तक न्यूयॉर्क, न्यू जर्सी और अमेरिका के पूर्वी तट के आसपास के इलाकों में भारी बर्फबारी के साथ भीषण विंटर स्टॉर्म का अनुमान है, जिससे फ्लाइट ऑपरेशन्स गंभीर रूप से प्रभावित हो सकते हैं। यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए 25 और 26 जनवरी को न्यूयॉर्क और नेवार्क से संचालित होने वाली सभी एयर इंडिया उड़ानें रद्द की गई हैं।”
एयरलाइन ने बताया कि जिन यात्रियों ने इन तारीखों के लिए टिकट बुक कराए हैं, उन्हें वैकल्पिक व्यवस्था और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। अधिक जानकारी के लिए यात्रियों को एयर इंडिया के 24×7 कॉल सेंटर या आधिकारिक वेबसाइट से संपर्क करने की सलाह दी गई है।
सीएनएन के अनुसार, अमेरिका की दो-तिहाई आबादी एक भयंकर शीतकालीन तूफान और भीषण ठंड का सामना कर रही है. सप्ताहांत तक पूर्व की ओर बढ़ते हुए, तूफान की बर्फ टेक्सास से लेकर न्यू इंग्लैंड तक 2,000 मील से अधिक क्षेत्र में फैलेगी. इसके परिणामस्वरूप भारी बर्फ जमने से बिजली की लाइनें प्रभावित होंगी, जिससे लाखों लोगों की बिजली गुल हो सकती है, कुछ की तो कई दिनों तक.
इस बीच, अमेरिका की राष्ट्रीय मौसम सेवा (NWS) ने भी लोगों को तूफान को गंभीरता से लेने की चेतावनी दी है। एजेंसी के अनुसार, शनिवार से सप्ताहांत तक मध्य और उत्तर-पूर्वी अमेरिका के कई हिस्सों में मौसम का मध्यम से गंभीर असर देखने को मिल सकता है। NWS ने कहा है कि सड़क यात्रा “खतरनाक से लेकर असंभव” हो सकती है और व्यापक स्तर पर यातायात बाधित होने की आशंका है।
तूफान के असर से पहले ही अमेरिका में हजारों उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। हालात को देखते हुए 15 से अधिक राज्यों ने आपातकाल की घोषणा की है, जिनमें मिसौरी, अर्कांसस, लुइसियाना, मिसिसिपी, टेनेसी, अलबामा, जॉर्जिया, उत्तरी कैरोलिना, दक्षिणी कैरोलिना, वर्जीनिया, न्यूयॉर्क, केंटकी, मैरीलैंड, न्यू जर्सी और कंसास शामिल हैं।
टेक्सास के गवर्नर ग्रेग एबॉट ने 134 काउंटियों में आपदा की घोषणा की है, जबकि वाशिंगटन डीसी की मेयर म्यूरियल बॉसर ने राजधानी में आपातकाल घोषित किया है। अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, अगले सप्ताह देश के बड़े हिस्से में शून्य से नीचे तापमान और बेहद ठंडी हवाओं का असर देखा जा सकता है।
Comments are closed.