भारी बारिश को लेकर अलर्ट, दिल्ली-NCR समेत यूपी और बिहार में मौसम विभाग की चेतावनी

1

देशभर में फिर बदला मौसम का मिजाज, 25+ राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट; दिल्ली-UP से बिहार तक चेतावनी

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 13 सितंबर को देश के 25 से अधिक राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाओं, गरज-चमक और आंधी-तूफान को लेकर अलर्ट जारी किया है। उत्तर राजस्थान से बंगाल की खाड़ी तक बने कम दबाव के क्षेत्र और चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से मानसून फिर सक्रिय हो गया है। इसके चलते कई मैदानी इलाकों में तेज बारिश और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है।

IMD के मुताबिक, मानसून की सक्रियता का असर उत्तर भारत, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में दिखाई देगा। दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और जम्मू-कश्मीर समेत कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रह सकता है।

यूपी में 17 सितंबर तक बारिश के आसार

उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में 13 और 14 सितंबर को हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ जगहों पर तेज बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान आंधी-तूफान की भी संभावना है।

15 से 17 सितंबर के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश हो सकती है। राज्य के 19 जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

बिहार में बारिश के साथ बिजली गिरने का खतरा

बिहार में 13 सितंबर को भी कई इलाकों में बारिश जारी रहने का अनुमान है। गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है।

राज्य में आठ नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, जिससे बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों की परेशानी बढ़ सकती है।

दिल्ली-NCR में बारिश से मिलेगी गर्मी से राहत

दिल्ली-NCR में 13 सितंबर को बादल छाए रहने के साथ सुबह से दोपहर के बीच हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 30 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

बारिश और बादलों के कारण अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री कम रहने का अनुमान है। 13 और 14 सितंबर को कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है।

राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी भारी बारिश

राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान का अलर्ट है। पश्चिमी राजस्थान में बारिश का प्रभाव अपेक्षाकृत कम रहने की संभावना है।

मध्य प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों के साथ विदर्भ में भी भारी बारिश हो सकती है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 13 सितंबर को भारी बारिश का अनुमान है, जबकि पूर्वी हिस्सों में गरज-चमक और बिजली के साथ तेज बारिश जारी रह सकती है। राज्य के 15 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

पूर्वोत्तर और पहाड़ों में भी मौसम खराब

अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के पर्वतीय इलाकों में भी तेज हवाओं, गरज-चमक और भारी बारिश का अलर्ट है। लगातार बारिश के कारण इन क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है।

Comments are closed.