ट्रंप की चेतावनी: ईरान ने परमाणु कार्यक्रम फिर शुरू किया तो अमेरिका करेगा सैन्य कार्रवाई

3

ईरान को ट्रंप की चेतावनी: परमाणु गतिविधियां दोबारा शुरू कीं तो फिर होगी अमेरिकी बमबारी

इज़राइल और ईरान के बीच 12 दिन चले भीषण संघर्ष और हालिया संघर्षविराम के बाद अमेरिका ने ईरान को एक बार फिर सख्त संदेश दिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को स्पष्ट शब्दों में कहा कि अगर खुफिया रिपोर्ट से पता चला कि ईरान ने यूरेनियम संवर्धन (एनरिचमेंट) की प्रक्रिया फिर से शुरू की है, तो अमेरिका एक और सैन्य कार्रवाई करेगा।

व्हाइट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या ईरान की परमाणु गतिविधियों पर दोबारा हमला किया जाएगा, तो उन्होंने सीधे जवाब दिया, “हां, बिल्कुल किया जाएगा, बिना किसी हिचकिचाहट के।”

ट्रंप ने दावा किया कि हाल ही में अमेरिकी हमलों में ईरान के प्रमुख परमाणु केंद्र पूरी तरह नष्ट कर दिए गए हैं। उन्होंने उन रिपोर्टों को खारिज किया जिनमें कहा गया था कि ईरान का परमाणु कार्यक्रम केवल कुछ महीनों के लिए पीछे धकेला गया है। “हमने उनका बुनियादी ढांचा खत्म कर दिया है,” ट्रंप ने कहा।

ट्रंप ने जोर दिया कि किसी भी संभावित परमाणु समझौते से पहले ईरान को अंतरराष्ट्रीय निरीक्षकों के लिए अपने परमाणु ठिकानों के दरवाज़े खोलने होंगे। उन्होंने कहा कि या तो अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) या अमेरिका द्वारा नियुक्त किसी विश्वसनीय संस्था को पूर्ण निरीक्षण की अनुमति मिलनी चाहिए।

इस बीच, जुबानी जंग भी जारी है। ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने हाल में इज़राइल पर “विजय” का दावा किया था। इस पर ट्रंप ने प्रतिक्रिया दी, “खामेनेई एक सम्मानित धार्मिक नेता हैं, लेकिन उन्हें अपने देश के लोगों से सच्चाई छिपानी नहीं चाहिए। ईरान को गंभीर नुकसान हुआ है।”

ट्रंप ने माना कि संघर्ष में इज़राइल को भी क्षति पहुंची है, लेकिन उन्होंने दोनों देशों से शांति की ओर कदम बढ़ाने की अपील की। “अब वक्त है कि ये दुश्मनी खत्म हो,” उन्होंने कहा।

Comments are closed.