दिल्ली में भीषण गर्मी और बिजली कटौती से हाहाकार, रातों की नींद भी छीनी
दिल्ली इन दिनों भीषण गर्मी की मार झेल रही है, ऊपर से बिजली कटौती ने हालात और बिगाड़ दिए हैं। तापमान लगातार 45 डिग्री के करीब बना हुआ है और इसी बीच लाइट का बार-बार जाना लोगों के लिए दोहरी परेशानी बन गया है। जिन घरों में इन्वर्टर नहीं है, वहां लोग हाथ से पंखा झलने और खुली छतों पर सोने को मजबूर हैं।
रात में भी नहीं मिल रही राहत
ब्रह्मपुरी, चौहान बांगर, जाफराबाद, प्रियदर्शनी विहार, मंडावली, सादतपुर, करावल नगर, सुंदर नगरी और त्रिलोकपुरी जैसे कई इलाकों में रात को बिजली गुल होने की समस्या आम हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पूरे दिन की गर्मी के बाद जब लोग सोने की कोशिश करते हैं, तभी बिजली चली जाती है।
सादतपुर की सुमन रघुवंशी बताती हैं, “रात में अचानक लाइट चली जाती है और बीएसईएस की तरफ से कोई मैसेज तक नहीं आता। एक-डेढ़ घंटे तक गर्मी में तड़पते रहते हैं।”
पानी के लिए भटकते लोग, थानों में भी हालत खराब
गर्मी का असर सिर्फ घरों तक सीमित नहीं है। कई इलाकों में पानी की भी भारी किल्लत है। यहां तक कि यमुनापार के दयालपुर, शकरपुर और लक्ष्मी नगर जैसे पुलिस थानों में भी ठंडे पानी की मशीनें खराब पड़ी हैं।
इन मशीनों को थानों में आने वाले फरियादियों और पुलिस कर्मियों के लिए लगाया गया था, लेकिन अब कोई इन्हें ठीक कराने की जिम्मेदारी नहीं ले रहा। लोग शिकायत करते हैं कि “पानी की अहमियत गर्मियों में ही समझ आती है, लेकिन यहां तो पुलिस थानों तक में ठंडा पानी नहीं मिल रहा।”
लोगों की अपील — गर्मी में बिजली और पानी की व्यवस्था दुरुस्त करें
दिल्लीवासियों की प्रशासन से मांग है कि इस झुलसाती गर्मी में कम से कम बिजली और पानी जैसी बुनियादी जरूरतों की सप्लाई स्थिर और भरोसेमंद हो। बिना ठंडी हवा और पीने के पानी के, लोगों की हालत बद से बदतर होती जा रही है।
Comments are closed.