80 साल से बंद सबवे स्टेशन, जोहरान ममदानी और शपथ ग्रहण—जानिए पूरा मामला

4

न्यूयॉर्क सिटी के नए मेयर जोहरान ममदानी ने अपने शपथ ग्रहण समारोह के लिए एक ऐतिहासिक और प्रतीकात्मक स्थल चुना—‘सिटी हॉल’ सबवे स्टेशन, जो करीब 80 साल से बंद पड़ा था। इस असामान्य चयन को ममदानी के कार्यकाल की नई दिशा और सोच का संकेत माना जा रहा है।

सिटी हॉल स्टेशन का इतिहास
सिटी हॉल स्टेशन न्यूयॉर्क के सबसे पुराने सबवे स्टेशनों में से एक है। इसे अपनी शानदार मेहराबदार छतों, झूमरों, कांच के रोशनदानों और खूबसूरत सुरंगों के लिए जाना जाता है।

इस स्टेशन से 27 अक्टूबर 1904 को पहली ट्रेन चली थी। यह न्यूयॉर्क की पहली सबवे लाइन का पहला स्टेशन भी था और अपने समय में वास्तुकला का उत्कृष्ट उदाहरण माना जाता था।

क्यों बंद हुआ था सिटी हॉल स्टेशन?
समय के साथ शहर में यात्रियों की संख्या बढ़ी और ट्रेनों की लंबाई भी बढ़ती गई। सिटी हॉल स्टेशन का प्लेटफॉर्म मुड़ा हुआ था, जिसके कारण वह नई और लंबी ट्रेनों के अनुकूल नहीं रहा।
इसी तकनीकी और संरचनात्मक वजह से 1945 में इस स्टेशन को बंद कर दिया गया।

चुनावी वादों से जुड़ा प्रतीक
जोहरान ममदानी ने अपने चुनाव प्रचार के दौरान मुफ्त सार्वजनिक परिवहन जैसे वादे किए थे, जिन्हें उनकी जीत का एक अहम कारण माना जाता है। ऐसे में, अपने कार्यकाल की शुरुआत के लिए इसी ऐतिहासिक सबवे स्टेशन को चुनना, सार्वजनिक परिवहन और लोककल्याण पर उनके फोकस को दर्शाता है।

ममदानी का संदेश
ममदानी के अनुसार, सिटी हॉल स्टेशन उनकी आने वाली सरकार के उद्देश्य और सोच का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जब 1904 में यह स्टेशन खुला था, तब यह उस न्यूयॉर्क की पहचान था जो सुंदर होने के साथ-साथ बड़े सार्वजनिक हित के काम करने में विश्वास रखता था, ताकि मेहनतकश लोगों की ज़िंदगी बेहतर हो सके।
उनका कहना है कि वे उसी सोच को आगे बढ़ाना चाहते हैं।

शपथ ग्रहण समारोह
जोहरान ममदानी ने निजी तौर पर न्यूयॉर्क सिटी के मेयर के रूप में शपथ ली, जिसमें उन्हें न्यूयॉर्क की अटॉर्नी जनरल लेटिशिया जेम्स ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
इसके बाद वे सिटी हॉल में दोपहर को आयोजित सार्वजनिक और औपचारिक समारोह में भी शपथ लेंगे, जिसमें अन्य निर्वाचित नेता शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में सीनेटर बर्नी सैंडर्स उन्हें शपथ दिलाएंगे।

Comments are closed.