“मुझे जबरन ले जाने की कोशिश की गई” – भारत पर मेहुल चोकसी का सीधा आरोप

2

मेहुल चोकसी का दावा: “भारत ने एंटीगुआ में मेरे अपहरण की साजिश रची थी”

भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी ने लंदन हाई कोर्ट में भारत सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसने कहा है कि 2021 में एंटीगुआ में उसका अपहरण भारत द्वारा योजनाबद्ध साजिश थी। चोकसी ने इस मामले में ब्रिटेन में भारत के खिलाफ एक अलग मुकदमा भी दर्ज किया है।

अदालत में पेश हुए चोकसी के वकील
सोमवार को लंदन हाई कोर्ट में सुनवाई के दौरान चोकसी के वकीलों ने कहा कि केवल भारत के पास ऐसा करने की नीयत और संसाधन हैं। उन्होंने तर्क दिया कि चोकसी को जबरन एंटीगुआ से डोमिनिका ले जाया गया ताकि उसे भारत प्रत्यर्पित किया जा सके।

PNB घोटाले में वांछित है चोकसी
मेहुल चोकसी भारत में पंजाब नेशनल बैंक (PNB) घोटाले के मुख्य आरोपियों में से एक है। 13,850 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी मामले में सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय (ED) उसे तलाश रहे हैं। वह जनवरी 2018 में देश छोड़कर भाग गया था और तब से भारत सरकार उसके प्रत्यर्पण की कोशिश कर रही है। चोकसी का भांजा नीरव मोदी भी इस मामले में सह-आरोपी है और 2019 से लंदन की जेल में बंद है।

भारत ने किया आरोपों से इनकार
भारत सरकार की ओर से वरिष्ठ वकील हरीश साल्वे ने अदालत में दाखिल अपने दस्तावेज़ में इन आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई प्रमाण नहीं है जिससे यह साबित हो कि भारत का 2021 में एंटीगुआ में हुई कथित घटना से कोई संबंध है।

Comments are closed.