पूर्व क्रिकेटर संजय बांगड़ के बेटे आर्यन बांगड़, जो अब अपनी पहचान अनाया बांगड़ के रूप में कर चुकी हैं, ने सोशल मीडिया पर साल 2025 की अपनी भावनात्मक जर्नी साझा की है।
जेंडर चेंज सर्जरी के बाद अनाया सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं और अपनी पर्सनल लाइफ से जुड़े अनुभव फैंस के साथ खुलकर साझा करती हैं। अनाया के लिए 2025 किसी रोलर-कोस्टर राइड से कम नहीं रहा। इस साल उनकी ज़िंदगी में बड़े बदलाव आए—चाहे वह जेंडर-अफर्मिंग सर्जरी हो या फिर रियलिटी शो राइज एंड फॉल में उनकी एंट्री। हाल ही में उन्होंने इंस्टाग्राम पर कई तस्वीरों के साथ एक लंबा पोस्ट शेयर कर जनवरी से दिसंबर तक के सफर को बयां किया।
अनाया के लिए कैसा रहा 2025
अनाया ने अपने पोस्ट में लिखा, “2025 आसान नहीं था। इसकी शुरुआत ऐसी लड़ाइयों से हुई जिन्हें कोई देख नहीं सकता था। जनवरी सर्वाइवल का महीना था, जहां मैं अपने डर, अपने अतीत और उन उम्मीदों से लड़ रही थी जिनका बोझ मेरा नहीं था।”
उन्होंने बताया कि अप्रैल में वह अपने असली रूप में भारत लौटीं। “यह वापसी न तो चुपचाप थी और न ही अधूरी। कहीं प्यार मिला, कहीं विरोध, और यहीं मैंने सीखा कि हिम्मत हमेशा जोरदार नहीं होती—कभी-कभी बस डटे रहना ही हिम्मत होता है।”
अगस्त ने ले ली बड़ी परीक्षा
अनाया के मुताबिक अगस्त का महीना उनकी ज़िंदगी का सबसे मुश्किल दौर रहा। उन्होंने लिखा, “अगस्त ने मुझसे सब कुछ ले लिया। दो जेंडर-अफर्मिंग सर्जरी, दर्द, सब्र और कमजोरी। एक पुराने शरीर और पहचान को छोड़ना और यह भरोसा करना कि बदलाव की यह बेचैनी इसके लायक है।”
रियलिटी शो और क्रिकेट से जुड़ाव
सितंबर में अनाया पहली बार बड़े स्तर पर लोगों के सामने आईं। रियलिटी शो राइज एंड फॉल को लेकर उन्होंने लिखा कि पहचान मिलना जितना आकर्षक होता है, उतना ही यह इंसान को बेनकाब भी कर देता है। “लोग कितनी जल्दी जज करते हैं, यह मैंने वहीं सीखा।”
अनाया ने यह भी बताया कि नवंबर में वह फिर क्रिकेट से जुड़ीं। “तारीफ या तालियों के लिए नहीं, बल्कि खुद को यह याद दिलाने के लिए कि कुछ सपने मरते नहीं हैं, वे बस सही वक्त का इंतजार करते हैं।”
Comments are closed.