दिवाली से पहले दिल्ली में सांस लेना मुश्किल: आनंद विहार सहित कई क्षेत्रों में AQI 300 से ऊपर, ठंड ने दी दस्तक
दिवाली से पहले दिल्ली-एनसीआर में दोहरी मार: बढ़ती ठंड के साथ जहरीली होती हवा, कई इलाकों में AQI 300 पार।
दिवाली से पहले दिल्ली-एनसीआर का मौसम तेजी से बदल रहा है। दिन में गर्मी तो रात में ठंड का एहसास बढ़ रहा है, वहीं प्रदूषण ने लोगों की मुश्किलें दोगुनी कर दी हैं। राजधानी की हवा लगातार जहरीली होती जा रही है और कई इलाकों में वायु गुणवत्ता ‘बेहद खराब’ श्रेणी में पहुंच चुकी है।
आनंद विहार में AQI 369, द्वारका और वजीरपुर में भी खराब हवा
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, शुक्रवार सुबह 6 बजे आनंद विहार का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 369 दर्ज किया गया। द्वारका सेक्टर-8 में AQI 319 और वजीरपुर में 329 दर्ज हुआ। विशेषज्ञों के अनुसार, तापमान में गिरावट और धीमी हवाओं के कारण प्रदूषण के कण वायुमंडल में फंस रहे हैं, जिससे स्थिति और खराब हो रही है।
तीसरे दिन भी ‘खराब’ रही दिल्ली की हवा
गुरुवार को दिल्ली का औसत AQI 245 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। वायु गुणवत्ता चेतावनी प्रणाली ने अनुमान जताया है कि आने वाले दिनों में हवा की गुणवत्ता में और गिरावट होगी। प्रदूषण बढ़ने के प्रमुख कारणों में आसपास के राज्यों में पराली जलाना और वाहनों का धुआं शामिल हैं।
उत्तर भारत में सर्दी की आहट, पहाड़ों पर बर्फबारी जारी
दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में सुबह-शाम ठंडक बढ़ने लगी है। पहाड़ी राज्यों — हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड — में बर्फबारी से तापमान तेजी से नीचे जा रहा है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, दिवाली तक उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में ठंड और बढ़ सकती है।
दिल्ली में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री के करीब
गुरुवार रात राजधानी का न्यूनतम तापमान 18.1 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने शुक्रवार को आसमान साफ और दिन में हल्की गर्माहट जबकि रात में ठंडक बने रहने का अनुमान जताया है।
विशेषज्ञों की सलाह
डॉक्टरों और पर्यावरण विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि वे सुबह-शाम बाहर निकलने से बचें, मास्क का उपयोग करें और घरों में एयर प्यूरीफायर या पौधों का इस्तेमाल बढ़ाएं। प्रदूषण और बदलते मौसम के कारण सर्दी-जुकाम और सांस संबंधी दिक्कतें बढ़ने का खतरा है।
Comments are closed.