बिहार सरकार ने उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव समेत छह नेताओं की सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश जारी किए हैं।
गृह विभाग ने सुरक्षा श्रेणियों में संशोधन करते हुए सम्राट चौधरी को ज़ेड प्लस, तेजस्वी यादव को ज़ेड श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की है। पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव और अररिया के सांसद प्रदीप कुमार सिंह को वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा दी गई है। वहीं, बाढ़ विधायक ज्ञानेन्द्र सिंह ज्ञानू और जदयू विधान पार्षद नीरज कुमार को वाई श्रेणी की सुरक्षा दी गई है।
तेजस्वी यादव की सुरक्षा बढ़ाने का फैसला उनके बढ़ते चुनावी कार्यक्रमों और जनसभाओं को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। इसके अलावा, सुरक्षा समीक्षा के बाद इन नेताओं के साथ अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे और उनके आवागमन व सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाया जाएगा।
गृह विभाग ने चुनावी मौसम में बढ़े सुरक्षा खतरे को देखते हुए यह कदम उठाया है ताकि नेताओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
Comments are closed.