अमेरिका में ट्रंप प्रशासन द्वारा इमिग्रेशन नियमों को कड़ा किए जाने के बाद अब तक 85,000 वीजा रद्द किए जा चुके हैं।
US स्टेट डिपार्टमेंट ने X पर पोस्ट कर बताया कि जनवरी से शुरू हुई इस कार्रवाई में बड़ी संख्या में छात्रों, अपराधियों और नियमों का उल्लंघन करने वाले वीजा-होल्डर्स को निशाना बनाया गया है।
छात्रों पर भी कड़ी कार्रवाई
रिपोर्ट के मुताबिक, रद्द किए गए वीजा में 8,000 से ज्यादा छात्र वीजा शामिल हैं, जो पिछले वर्ष की तुलना में दोगुने से अधिक हैं। विभाग का कहना है कि यह कदम इमिग्रेशन सिस्टम को सख्ती से लागू करने की प्रशासन की प्रतिबद्धता का हिस्सा है। पोस्ट के साथ राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप की तस्वीर साझा की गई, जिस पर लिखा था—“Make America Safe Again”।
किन कारणों से वीजा रद्द हुए?
एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि कई वीजा नशे में ड्राइविंग, चोरी और हमला जैसे अपराधों के कारण कैंसिल हुए। इसके अलावा, वीजा एक्सपायर होने, आतंकवाद समर्थक गतिविधियों से जुड़े मामलों और अन्य गंभीर उल्लंघनों पर भी कार्रवाई की गई। अक्टूबर में प्रशासन ने उन लोगों के वीजा भी रद्द किए थे, जिनपर कंजर्वेटिव एक्टिविस्ट चार्ली किर्क की हत्या का जश्न मनाने का आरोप था।
नियम और भी सख्त
ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में स्टेट डिपार्टमेंट ने वीजा एप्लिकेशन की जांच के मानकों को और कड़ा कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार, भविष्य में भी इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रह सकती है।
Comments are closed.