मिडिल ईस्ट संघर्ष के बीच ओमान में हमला, सोहार में दो भारतीय नागरिकों की मौत

2

ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच जारी संघर्ष का असर अब ओमान तक पहुंच गया है। ओमान के सोहार शहर में हुए एक ड्रोन हमले में दो भारतीय नागरिकों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य भारतीय घायल हो गए। इस घटना की जानकारी भारत के विदेश मंत्रालय ने दी है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए बताया कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के दौरान सोहार में हुए हमले में दो भारतीय नागरिकों की जान चली गई। उन्होंने कहा कि इस घटना में कई अन्य भारतीय नागरिक भी घायल हुए हैं। मंत्रालय ने मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

जायसवाल ने यह भी बताया कि ओमान में स्थित भारतीय दूतावास स्थानीय अधिकारियों और संबंधित कंपनी के संपर्क में है और प्रभावित भारतीयों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।

दो भारतीयों की मौत, 10 घायल

न्यूज एजेंसी PTI के अनुसार, शुक्रवार को सोहार में हुए ड्रोन हमले में दो भारतीय नागरिकों की मौत हो गई और 10 अन्य भारतीय घायल हो गए। 28 फरवरी को शुरू हुए ईरान-अमेरिका संघर्ष के बाद ओमान में भारतीय नागरिकों की मौत की यह पहली घटना बताई जा रही है।

विदेश मंत्रालय में खाड़ी क्षेत्र के संयुक्त सचिव असीम महाजन ने पश्चिम एशिया में चल रहे हालात पर आयोजित अंतर-मंत्रालयी मीडिया ब्रीफिंग के दौरान इस घटना की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि सोहार में हुए हमले में दो भारतीयों की जान गई है और कई अन्य घायल हुए हैं।

महाजन ने बताया कि हमले में घायल 11 लोगों में से 10 भारतीय नागरिक हैं। इनमें से पांच को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि पांच अन्य का स्थानीय अस्पतालों में इलाज जारी है। उन्होंने कहा कि किसी भी घायल की हालत गंभीर नहीं है। भारतीय मिशन स्थानीय प्रशासन और संबंधित कंपनी के साथ लगातार संपर्क में है और सभी को जरूरी सहायता दी जा रही है।

1.5 लाख भारतीय लौटे

असीम महाजन ने यह भी बताया कि पश्चिम एशिया में संघर्ष शुरू होने के बाद से अब तक करीब 1.5 लाख भारतीय नागरिक भारत लौट चुके हैं। सरकार क्षेत्र में रह रहे भारतीयों की सुरक्षा पर लगातार नजर बनाए हुए है। ओमान की सरकारी समाचार एजेंसी ओएनए के मुताबिक, सोहार में दो ड्रोन दुर्घटनाग्रस्त हुए थे। इनमें से एक ड्रोन अल-अव्ही औद्योगिक क्षेत्र में गिरा, जिससे वहां काम कर रहे दो प्रवासी श्रमिकों की मौत हो गई।

Comments are closed.