कपिल शर्मा के कनाडा स्थित कैफ़े पर फायरिंग: शूटर्स की तस्वीरें सामने, लॉरेंस गैंग–कबड्डी सिंडिकेट का बड़ा खुलासा
कनाडा में मशहूर कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैफ़े पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग मामले में अब दो मुख्य शूटर्स की एक्सक्लूसिव तस्वीरें सामने आई हैं। जांच एजेंसियों के अनुसार, पंजाबी मूल के शैरी और दिलजीत रहेल नाम के ये दोनों शूटर लंबे समय से लॉरेंस विश्नोई गैंग से जुड़े हुए हैं और कनाडा में सक्रिय गैंगस्टर नेटवर्क का हिस्सा हैं। इन्हीं दोनों ने जुलाई, अगस्त और अक्टूबर—तीनों मौकों पर अत्याधुनिक हथियारों से कपिल के कैफ़े पर गोलियां बरसाई थीं।
कनाडा पुलिस तथा भारत की कई केंद्रीय एजेंसियां इनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं।
इसी केस में मास्टरमाइंड की पहचान भी सामने आई है, जिसका नाम सिप्पू उर्फ शीपू बताया गया है। जांच के मुताबिक, सिप्पू के निर्देश पर ही शैरी और दिलजीत ने तीनों हमले अंजाम दिए।
लुधियाना में गिरफ्तार बंधुमान सिंह ने खोली बड़ी परतें
इस केस में लुधियाना से पकड़े गए आरोपी बंधुमान सिंह ने पूछताछ के दौरान कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने बताया कि—
- कनाडा की कबड्डी लीग्स इस समय गैंगस्टरों के बड़े निशाने पर हैं।
- खिलाड़ियों को डराने, खरीदने और उन्हें अपने नेटवर्क में शामिल करने के लिए एक सक्रिय सिंडिकेट काम कर रहा है।
- इंटरनेशनल आर्म्स सप्लायर्स कबड्डी लीग्स के जरिए करोड़ों रुपये की अवैध उगाही और निवेश का प्लान बना रहे हैं।
- लॉरेंस और गोल्डी बराड़ गैंग भारत में बढ़ती पुलिस कार्रवाई के चलते अब कनाडा में अपना नेटवर्क और वसूली रैकेट ज्यादा विस्तार दे रहे हैं।
बंधनुमान ने यह भी बताया कि कनाडा में इनके गैंग के पास एक ‘डब्बा कॉल सेंटर’ है, जहां से कारोबारियों, कलाकारों और कबड्डी से जुड़े लोगों को लगातार धमकीभरे फोन किए जाते हैं।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि कनाडा का एक पंजाबी सिंगर लॉरेंस गैंग को टारगेट लिस्ट उपलब्ध कराता है—हालाँकि इस बात की अभी जांच जारी है कि वह गैंग से कैसे जुड़ा।
भारत में दबाव बढ़ा, तो कनाडा में एक्टिव हो रहे गैंगस्टर
बीते महीनों में भारत में लॉरेंस और गोल्डी नेटवर्क के कई गैंगस्टरों की मौत, गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई ने इनके ऑपरेशन को बड़ा झटका दिया है। इसी वजह से अब दोनों गैंग कनाडा में—
- कारोबारियों
- पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री
- भारतीय फ़िल्म और बॉलीवुड से जुड़े लोगों
- कनाडा की कबड्डी लीग्स
—पर अधिक केंद्रित होकर एक्सटॉर्शन का धंधा चला रहे हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, पिछले वर्षों में कबड्डी खिलाड़ियों की एक के बाद एक हत्या इस नेटवर्क की सक्रियता की ओर इशारा करती है।
कबड्डी से लॉरेंस गैंग की दिलचस्पी क्यों?
कबड्डी अब सिर्फ मैदान का खेल नहीं, बल्कि विदेशों में बसे पंजाबी समुदाय के बीच पावर, पैसा और पॉपुलैरिटी का प्रतीक बन चुकी है। कनाडा, यूके और ऑस्ट्रेलिया में कबड्डी टूर्नामेंट्स में:
- लाखों–करोड़ों रुपये का दांव लगता है
- भारी नकद इनाम दिए जाते हैं
- आयोजकों और खिलाड़ियों के विदेशी संपर्क मजबूत होते हैं
जांच में सामने आया है कि कई टूर्नामेंट्स में ड्रग मनी का इस्तेमाल कर उसे सफेद करने, यानी मनी लॉन्ड्रिंग, का खेल चलता है।
इसी वजह से गैंगस्टर और आर्म्स माफिया कबड्डी जगत में सक्रिय हो गए हैं।
कबड्डी लीग्स को कंट्रोल करने वाला गैंगस्टर: सोनू उर्फ राजेश खत्री
कई देशों में फैले इस नेटवर्क को एक बड़े आर्म्स माफिया सोनू उर्फ राजेश खत्री के इशारों पर चलाया जाता है। वर्तमान में अमेरिका में मौजूद सोनू पर 45 से अधिक केस दर्ज हैं।
- लॉरेंस गैंग को हाई-टेक हथियार सप्लाई करने की जिम्मेदारी इसी की है।
- कनाडा की कबड्डी लीग्स में एक्सटॉर्शन और बेटिंग का पूरा सिस्टम सोनू ही तय करता है।
- कनाडा में गोल्डी, ढिल्लों और गैंगस्टर सिप्पू लॉरेंस गैंग का पूरा रैकेट संभालते हैं।
सिप्पू इस समय कनाडा में ही मौजूद है और गोल्डी ढिल्लों के निर्देश पर कनाडा से लेकर भारत तक रंगदारी का धंधा चलाता है।
- कबड्डी खिलाड़ियों की हत्याओं की श्रृंखला
- हाल के सालों में हुई प्रमुख वारदातें:
- नवंबर 2025 – तरनतारण में सुखविंदर सिंह उर्फ नोनी की हत्या
- 31 अक्टूबर 2025 – लुधियाना में प्लेयर तेजपाल की हत्या
- 6 जून 2025 – पंचकूला में सोनू नोलटा की हत्या
- 23 सितंबर 2023 – कपूरथला में हरदीप सिंह की तलवार से हत्या
- 14 मार्च 2022 – जालंधर में संदीप अंबिया की गोली मारकर हत्या
- अप्रैल 2022 – पटियाला में धर्मेंद्र सिंह की हत्या
- मई 2020 – कपूरथला में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अरविंदरजीत सिंह पड्डा की हत्या
- अगस्त 2020 – बटाला में खिलाड़ी गुरमेज की हत्या
- इन घटनाओं से साफ है कि कबड्डी जगत पर अपराधी गिरोहों की पकड़ लगातार बढ़ रही है।
- कौन है बंधुमान सिंह? लॉरेंस गैंग का हथियार सप्लायर
बंधुमान सिंह—
- कनाडा में बैठकर लॉरेंस गैंग को हथियार सप्लाई करता था।
- गोल्डी ढिल्लों और पाकिस्तानी डॉन हैरी चट्टा दोनों का करीबी है।
- पाकिस्तान से भारत में हथियार भेजने का काम भी इसे सौंपा जाता था।
- कपिल शर्मा के कैफ़े पर हुई तीनों फायरिंग में इस्तेमाल हथियार सोनू खत्री के निर्देश पर इसी ने उपलब्ध कराए।
- बंधुमान इसी साल 23 अगस्त को कनाडा से भारत आया, जहाँ से लुधियाना में उसे गिरफ्तार किया गया।
Comments are closed.