US शूटिंग मिस्ट्री सुलझी: हमलावर ने मौके पर जोड़कर तैयार किया हथियार

4

अमेरिका में आयोजित White House Correspondents’ Dinner के दौरान हुई गोलीबारी को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर हथियार को अलग-अलग हिस्सों में कार्यक्रम स्थल के अंदर लाया और वहीं असेंबल कर फायरिंग शुरू कर दी। एक वालंटियर ने बताया कि रात करीब 8:36 बजे (स्थानीय समय) संदिग्ध ने स्थल के भीतर बने एक अस्थायी कमरे में राइफल जैसा हथियार जोड़ा और सीधे बालरूम की ओर बढ़ गया, जहां बड़ी संख्या में मेहमान और वीआईपी मौजूद थे।

पहली गोली और अफरा-तफरी

पहली फायरिंग के साथ ही पूरे हॉल में हड़कंप मच गया। United States Secret Service के एजेंट तुरंत हरकत में आए और हमलावर को रोकने की कोशिश की। इस दौरान एक एजेंट के घायल होने की भी खबर है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर ने लगातार कई राउंड फायर किए, जिससे लोग टेबल के नीचे छिपने और बाहर की ओर भागने लगे।

सुरक्षा पर गंभीर सवाल

वालंटियर हेलन मेबस के मुताबिक, हमलावर बार कार्ट के पास वाले प्रवेश से अंदर आया, जहां उस समय सख्त सुरक्षा जांच नहीं थी। अंदर आने के बाद उसने हथियार जोड़ा और सीढ़ियों की ओर बढ़ा, जिससे वह मुख्य आयोजन स्थल तक पहुंच सके।

चश्मदीदों ने क्या बताया

CNN के वरिष्ठ एंकर Wolf Blitzer ने बताया कि गोलीबारी के समय वह घटनास्थल के बेहद करीब थे।
उनके मुताबिक, “सब कुछ बहुत तेजी से हुआ। अचानक गोलियों की आवाज आई और किसी को समझ नहीं आया कि क्या हो रहा है। हमलावर किसे निशाना बना रहा था, यह साफ नहीं था।”

कैसे बचाए गए वीआईपी

घटना के दौरान सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए डोनाल्ड ट्रंप समेत अन्य विशिष्ट अतिथियों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश की। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में दिखा कि गोलीबारी के दौरान मेहमान टेबल के नीचे झुक गए, जबकि सुरक्षाकर्मी लगातार उन्हें निर्देश दे रहे थे।

इस घटना के बाद कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था और प्रोटोकॉल पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।

Comments are closed.