फाल्कन-9 में लीकेज से फिर टला Axiom-4 मिशन, शुभांशु शुक्ला की अंतरिक्ष यात्रा पर लगा ब्रेक।
भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को लेकर अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) जाने वाला Axiom-4 मिशन एक बार फिर स्थगित कर दिया गया है। यह मिशन बुधवार शाम को लॉन्च किया जाना था, लेकिन स्पेसएक्स के फाल्कन-9 रॉकेट में तकनीकी खराबी के चलते प्रक्षेपण को रोकना पड़ा। इसकी जानकारी इसरो और स्पेसएक्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की।
फाल्कन-9 रॉकेट में लीकेज, नई तारीख जल्द
स्पेसएक्स ने बताया कि रॉकेट की चेकिंग के दौरान उसमें लीकेज का पता चला, जिसके चलते मिशन को रोकना पड़ा। इंजीनियर फिलहाल इस तकनीकी खराबी को ठीक करने में जुटे हैं। मरम्मत पूरी होने के बाद नई लॉन्च तिथि की घोषणा की जाएगी।
शुभांशु होंगे पायलट, साथ होंगे अंतरराष्ट्रीय यात्री
इस मिशन में शुभांशु के साथ तीन अन्य अंतरिक्षयात्री होंगे—पोलैंड के स्लावोस्ज उजनांस्की-विस्नीवस्की, हंगरी के टिबोर कापू और अमेरिका की अनुभवी अंतरिक्षयात्री पैगी व्हिटसन, जो इस मिशन की कमांडर हैं। शुभांशु को मिशन का पायलट बनाया गया है।
तीसरी बार टला मिशन
Axiom-4 मिशन को इससे पहले भी दो बार टालना पड़ा था। पहले इसे 29 मई को लॉन्च किया जाना था, फिर 8 जून और उसके बाद 10 जून की तारीख तय की गई, लेकिन अब तीसरी बार तकनीकी कारणों से इसे रोकना पड़ा है।
निगाहें अब नई तारीख पर
अब सभी की निगाहें स्पेसएक्स और नासा की ओर से घोषित होने वाली नई लॉन्च डेट पर टिकी हैं। भारत सहित पूरी दुनिया को शुभांशु की ऐतिहासिक अंतरिक्ष यात्रा का इंतजार है।
Comments are closed.