बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम ने कहा है कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए बोर्ड T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए राष्ट्रीय टीम को भारत भेजने को लेकर सहज नहीं है।
इसी वजह से BCB ने इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) से टूर्नामेंट के कुछ मैच भारत के बाहर कराने का औपचारिक अनुरोध किया है। अमीनुल इस्लाम के मुताबिक, यह फैसला बोर्ड के सभी निदेशकों के साथ दो दौर की बैठकों के बाद लिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि खिलाड़ियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी चिंता को लिखित रूप में ICC तक पहुंचाया गया है। अब बोर्ड ICC के जवाब का इंतजार कर रहा है और आगे का फैसला उसी के आधार पर किया जाएगा।
BCB अध्यक्ष ने यह भी साफ किया कि इस मामले में उनकी सीधी बातचीत BCCI से नहीं हो रही, क्योंकि T20 वर्ल्ड कप एक ICC का इवेंट है। उन्होंने कहा,
“हम ICC के संपर्क में हैं और उनसे बैठक की उम्मीद कर रहे हैं, ताकि अपनी चिंताओं पर विस्तार से चर्चा कर सकें।”
यह मुद्दा उस समय और तूल पकड़ गया, जब BCCI के निर्देश पर तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को IPL फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से रिलीज कर दिया गया। BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने इस फैसले के पीछे “हालिया घटनाक्रम” का हवाला दिया था।
टूर्नामेंट के तय शेड्यूल के मुताबिक, बांग्लादेश टीम को कोलकाता में तीन और मुंबई में एक मुकाबला खेलना था। ग्रुप C में शामिल बांग्लादेश का पहला मैच 7 फरवरी को ईडन गार्डन्स में वेस्टइंडीज के खिलाफ प्रस्तावित था। इसके बाद टीम को इंग्लैंड, इटली और नेपाल से खेलना था।
गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों में भारत-बांग्लादेश संबंधों में आई तल्खी के बीच यह सुरक्षा चिंता सामने आई है। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के सत्ता से हटने के बाद दोनों देशों के रिश्तों में तनाव देखा गया है, जिसका असर अब खेल आयोजनों पर भी पड़ता नजर आ रहा है।
Comments are closed.