राज्यपाल को जान से मारने की धमकी से हड़कंप, बंगाल पुलिस हाई अलर्ट पर

3

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी. वी. आनंद बोस को गुरुवार देर रात ईमेल के जरिए जान से मारने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है।

धमकी मिलने के बाद राजभवन की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है। लोक भवन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि धमकी भरे ईमेल में राज्यपाल को “बम से उड़ाने” की बात कही गई है।

आधी रात को हुई सुरक्षा समीक्षा बैठक

धमकी भरा ईमेल सामने आते ही राज्यपाल की सुरक्षा में तैनात एजेंसियों ने आधी रात को आपात बैठक की। मामले की जानकारी तुरंत राज्य के पुलिस महानिदेशक (DGP) को दी गई और आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भी घटना से अवगत करा दिया गया है।

आरोपी ने ईमेल में दिया मोबाइल नंबर

अधिकारी के मुताबिक, धमकी देने वाले व्यक्ति ने ईमेल में अपना मोबाइल नंबर भी साझा किया है, जिससे जांच एजेंसियों को आरोपी तक पहुंचने में मदद मिलने की उम्मीद है। इस पूरे मामले की सूचना केंद्रीय गृह मंत्रालय को भी भेज दी गई है।

राज्यपाल की सुरक्षा और सख्त

राज्यपाल सी. वी. आनंद बोस को पहले से ही जेड-प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है। धमकी के बाद उनकी सुरक्षा और मजबूत कर दी गई है। फिलहाल राज्य पुलिस और सीआरपीएफ मिलकर सुरक्षा व्यवस्था संभाल रही हैं और करीब 60 से 70 केंद्रीय सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है।

बीजेपी का ममता सरकार पर हमला

इस घटना को लेकर बीजेपी ने राज्य की ममता बनर्जी सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर दावा किया कि पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है और हालात ऐसे हैं कि राज्यपाल तक सुरक्षित नहीं हैं। बीजेपी ने यह भी आरोप लगाया कि राज्य सरकार केंद्रीय एजेंसियों के खिलाफ सियासी लड़ाई में उलझी हुई है।

Comments are closed.