दिल्ली पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। ईस्ट ऑफ कैलाश इलाके में रविवार देर रात हुए एनकाउंटर में कुख्यात बदमाश भीम जोरा मारा गया।
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली पुलिस और गुरुग्राम पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अंजाम दिए गए इस ऑपरेशन ने दिल्ली-हरियाणा पुलिस की लंबे समय से चल रही तलाश को खत्म कर दिया। जानकारी के मुताबिक, मुठभेड़ आस्था कुंज पार्क के पास रात करीब 12:20 बजे शुरू हुई। पुलिस ने बताया कि भीम जोरा ने पहले छह राउंड गोलियां चलाईं, जिसके जवाब में पुलिस ने पांच राउंड फायर किए। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल बदमाश को एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
कई राज्यों में फैला आपराधिक नेटवर्क
नेपाल का रहने वाला भीम जोरा दिल्ली और हरियाणा समेत कई राज्यों में दर्जनभर वारदातों में वांछित था। वह जंगपुरा में डॉक्टर पॉल हत्याकांड का मुख्य आरोपी था, जिसके लिए दिल्ली पुलिस ने उस पर ₹50,000 का इनाम घोषित किया था। इसके अलावा, वह हाल ही में गुरुग्राम में एक बीजेपी नेता के घर हुई चोरी की वारदात में भी शामिल था।
पुलिस ने मौके से एक अत्याधुनिक स्वचालित पिस्तौल, जिंदा और खाली कारतूस, तथा चोरी के औजारों से भरा बैग बरामद किया है। रिकॉर्ड के अनुसार, भीम जोरा पहले गुरुग्राम, बैंगलोर, गुजरात और दिल्ली में हत्या, डकैती और चोरी के मामलों में शामिल रहा है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह ऑपरेशन लंबे समय से चल रही खुफिया निगरानी का नतीजा था। संयुक्त टीम को सूचना मिली थी कि भीम जोरा दिल्ली में किसी बड़ी वारदात की फिराक में है। इसी जानकारी के आधार पर योजना बनाकर यह कार्रवाई की गई, जिसमें आखिरकार पुलिस ने उसे ढेर कर दिया।
Comments are closed.