सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी, कुलगाम एनकाउंटर में आतंकी ढेर

3

जम्मू-कश्मीर: कुलगाम में मुठभेड़ जारी, अब तक एक आतंकी ढेर

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में शुक्रवार रात से सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी है। अब तक एक आतंकवादी को मार गिराया गया है। ऑपरेशन ‘अखल’ नाम से चलाया जा रहा है, जिसकी जानकारी चिनार कोर ने शनिवार सुबह दी। सेना ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर बताया, “रातभर गोलीबारी होती रही। जवानों ने सतर्कता बरतते हुए घेराबंदी कड़ी कर दी। अब तक एक आतंकवादी मारा गया है और ऑपरेशन जारी है।”

इस ऑपरेशन में सेना, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त टीम शामिल है। पुलिस ने भी मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए कहा कि कुलगाम के अखल इलाके में सुरक्षाबल कार्रवाई कर रहे हैं।

लगातार तीसरी मुठभेड़
यह मुठभेड़ इस हफ्ते की तीसरी बड़ी कार्रवाई है। गुरुवार को पुंछ जिले में एलओसी के पास दो आतंकवादी मारे गए थे, जो पाकिस्तान से घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे। 30 जुलाई को पुंछ सेक्टर में ही घुसपैठ की एक और कोशिश को सेना ने नाकाम किया था।

‘ऑपरेशन शिवशक्ति’ में तीन आतंकी ढेर
इससे पहले सोमवार को सुरक्षाबलों ने श्रीनगर के जंगल में ‘ऑपरेशन शिवशक्ति’ के तहत तीन आतंकियों को मार गिराया था। ये आतंकी 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए पर्यटकों पर हमले में शामिल थे। गृह मंत्री अमित शाह ने संसद को बताया था कि तीनों आतंकवादी पाकिस्तान के लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े थे।

आतंक के खिलाफ सख्त रुख
इन लगातार अभियानों को जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद पर कड़ी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है। सेना का कहना है कि हालिया ऑपरेशन पाकिस्तान प्रायोजित संगठनों को करारा जवाब दे रहे हैं।

Comments are closed.