देश के कई हिस्सों में इन दिनों मौसम ने करवट ले ली है। सुबह-शाम चल रही ठंडी हवाओं से गर्मी का असर कुछ कम हुआ है और तापमान में भी हल्की गिरावट दर्ज की गई है।
इसी बीच मौसम विभाग ने उत्तर भारत समेत कई राज्यों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। आने वाले दिनों में कई जगहों पर बादल, तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ बारिश देखने को मिल सकती है।
दिल्ली में अगले तीन दिन बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार राजधानी में 18 से 20 मार्च के बीच मौसम सुहावना रहने की संभावना है। इस दौरान कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। 20 मार्च के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
इन दिनों दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। आज मौसम सामान्य तौर पर साफ रहेगा, हालांकि आंशिक बादल छाए रह सकते हैं।
पंजाब-हरियाणा में भी बारिश के संकेत
दिल्ली के साथ-साथ पंजाब और हरियाणा में भी मौसम का मिजाज बदलने वाला है। फिलहाल मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन 19 और 20 मार्च को कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने इन दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और ओलावृष्टि की संभावना
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के पहाड़ी इलाकों में मौसम ज्यादा सक्रिय रह सकता है। यहां कई जगहों पर बारिश के साथ बर्फबारी और ओलावृष्टि होने की संभावना जताई गई है।
उत्तराखंड में 16 से 22 मार्च के बीच 3300 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी हो सकती है। वहीं मैदानी क्षेत्रों में हल्की बारिश और कहीं-कहीं आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। हिमाचल प्रदेश में भी 18 से 20 मार्च के बीच गरज-चमक के साथ बारिश और ओले गिरने की संभावना है।
राजस्थान और उत्तर प्रदेश में भी बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान के कई हिस्सों में 17 से 20 मार्च के बीच गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। वहीं उत्तर प्रदेश में 19 और 20 मार्च को पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में तेज हवाएं चलने और बारिश होने के आसार हैं। इन दोनों दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मध्य प्रदेश और बिहार में भी असर
पश्चिमी विक्षोभ का असर मध्य प्रदेश के कई जिलों में भी देखने को मिल सकता है। 18 और 19 मार्च को ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, सिवनी, मंडला, डिंडोरी, बालाघाट, नीमच, मंदसौर, रतलाम, धार और बड़वानी जैसे जिलों में हल्की बारिश की संभावना है।
वहीं बिहार के करीब 20 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। अररिया, किशनगंज और रोहतास समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
इसके अलावा पूर्वोत्तर भारत में भी मौसम सक्रिय रहने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है।
कुल मिलाकर आने वाले कुछ दिनों में उत्तर भारत से लेकर पूर्वोत्तर तक कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आएगा, जिससे लोगों को बढ़ती गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
Comments are closed.