बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण का प्रचार आज थम जाएगा। पहले चरण की वोटिंग 6 नवंबर को होनी है, और इससे पहले सभी दलों के दिग्गज नेता आज अपनी पूरी ताकत झोंकते नजर आ रहे हैं।
चुनाव आयोग की गाइडलाइंस के अनुसार, शाम के बाद प्रचार पूरी तरह बंद हो जाएगा और प्रत्याशी केवल डोर-टू-डोर कैंपेन कर सकेंगे।
जेपी नड्डा की अहम बैठक आज
बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा आज शाम पार्टी मुख्यालय में महासचिवों के साथ एक रणनीतिक बैठक करेंगे। इसमें पहले चरण के प्रचार की समीक्षा के साथ दूसरे चरण की योजना पर चर्चा होगी। बैठक में अब तक के रुझानों, संगठन की तैयारी और प्रमुख चुनावी मुद्दों को लेकर अहम निर्णय लिए जा सकते हैं।
सभी दलों ने झोंकी ताकत
राजद, कांग्रेस, जेडीयू और एआईएमआईएम समेत तमाम दलों के नेता आज रैलियों और रोड शो के जरिए मतदाताओं को साधने में जुटे हैं। सिवान और रघुनाथपुर जैसे संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
बीजेपी का हमला, विपक्ष पर निशाना
बीजेपी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने विपक्ष पर हमला करते हुए कहा कि बिहार का विकास “आईने की तरह साफ” दिखाई देता है। उन्होंने कांग्रेस पर दोहरे रवैये का आरोप लगाते हुए कहा कि “कभी कहते हैं बिहार को सबकुछ मिल गया, अब कहते हैं कुछ नहीं मिला — दोनों ही बातें झूठ हैं।”
सीएम रेखा गुप्ता करेंगी 12 से ज्यादा जनसभाएं
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी आज से बिहार में एनडीए के प्रचार अभियान की कमान संभालेंगी। तीन दिनों के दौरे में वह 12 से अधिक जनसभाएं और रोड शो करेंगी। पार्टी ने इसे उनका अब तक का सबसे व्यस्त प्रचार अभियान बताया है।
बिहार में पहले चरण की वोटिंग 6 नवंबर, दूसरे चरण की 11 नवंबर, और नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। आज का दिन दलों के लिए अहम है, क्योंकि यही आखिरी मौका है मतदाताओं तक सीधा संदेश पहुंचाने का।
Comments are closed.