विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने अब तक 9,408 वाहनों का अधिग्रहण किया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्देश दिया है कि सभी वाहन दो नवंबर तक हर हाल में उपलब्ध कराए जाएं। निर्धारित समय पर वाहन जमा नहीं करने वाले स्वामियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इस जिम्मेदारी की जवाबदेही जिला परिवहन पदाधिकारी को दी गई है, जिन्हें निर्धारित तिथि तक रिपोर्ट सौंपने का आदेश दिया गया है ताकि मतदान से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी हो सकें। मतदान केंद्रों तक पहुंचने के लिए तय रूट पर ही सभी वाहन चलेंगे, इसमें किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया जाएगा। मतदान के दिन यातायात व्यवस्था सुचारू रहे, इसके लिए ट्रैफिक डीएसपी को अग्रिम रूप से रणनीति तैयार करने का निर्देश दिया गया है।
जिले में 23 चेक पोस्ट बनाए गए हैं, जिन्हें सक्रिय और प्रभावी बनाए रखने के आदेश दिए गए हैं। वहीं, व्यय कोषांग के नोडल पदाधिकारी सह संयुक्त आयुक्त वाणिज्य कर को लगातार निगरानी करने और अनुपस्थित कर्मियों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
कार्मिक कोषांग की समीक्षा करते हुए निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि रिसीविंग, डिस्पैच, नामांकन और अन्य सभी शाखाओं में कर्मियों की समय पर तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि चुनावी प्रक्रिया में किसी प्रकार की दिक्कत न हो।
Comments are closed.