पटना में बीजेपी नेता गोपाल खेमका की गोली मारकर हत्या, गांधी मैदान थाना क्षेत्र की घटना
राजधानी पटना में शुक्रवार देर रात भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और जाने-माने कारोबारी गोपाल खेमका की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात गांधी मैदान थाना क्षेत्र के ट्विन टॉवर के पास हुई, जब वह अपने घर लौट रहे थे।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि बाइक सवार हमलावरों ने खेमका को नजदीक से सिर में गोली मारी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का आरोप: सूचना के बाद भी देर से पहुंची पुलिस
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि वारदात की सूचना देने के बावजूद पुलिस करीब डेढ़ घंटे बाद मौके पर पहुंची। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
पहले भी हो चुकी है खेमका परिवार पर जानलेवा वारदात
बताया जा रहा है कि वर्ष 2018 में गोपाल खेमका के बेटे की भी हत्या कर दी गई थी। अब एक बार फिर खेमका परिवार को निशाना बनाए जाने से राजधानी में सनसनी फैल गई है।
पटना में बढ़ते आपराधिक मामले, सुरक्षा पर सवाल
इस घटना से कुछ ही दिन पहले मंत्री अशोक चौधरी के सरकारी आवास के पास एक युवक पर फायरिंग की गई थी। बगल में ही पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव का भी आवास स्थित है। लगातार हो रही इन घटनाओं ने वीआईपी इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
राज्य भर में अपराधियों के हौसले बुलंद
इससे पहले मुजफ्फरपुर में भी एक प्रॉपर्टी डीलर टुनटुन चौधरी की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जांच में पता चला था कि हमलावर पहले से घात लगाकर बैठे थे।
Comments are closed.