वोटर वेरिफिकेशन के लिए घर-घर पहुंचेंगे BLO, चुनाव आयोग की ‘बुक-ए-कॉल विद बीएलओ’ पहल

2

अगर आप उत्तर प्रदेश में रहते हैं और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद जारी हुई फाइनल वोटर लिस्ट में आपका नाम शामिल नहीं हो पाया है, तो अब आपके पास एक और मौका है।

आप सीधे अपने बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) से संपर्क कर सकते हैं, जिससे आपका नाम मतदाता सूची में जोड़ने की प्रक्रिया शुरू की जा सकेगी। मतदाताओं की सुविधा बढ़ाने के उद्देश्य से चुनाव आयोग ने SIR अभियान के दौरान ‘बुक-ए-कॉल विद बीएलओ’ नाम की नई सेवा शुरू की है। इस सुविधा के तहत बीएलओ 48 घंटे के भीतर संबंधित मतदाता से संपर्क करेगा।

क्या है ‘बुक-ए-कॉल विद बीएलओ’ सुविधा

चुनाव आयोग के अनुसार, इस सेवा के माध्यम से कोई भी मतदाता अपने बूथ लेवल ऑफिसर से सीधे बातचीत करने के लिए फोन कॉल बुक कर सकता है। यह सुविधा वोटर लिस्ट, SIR से जुड़े दावे, आपत्तियां या किसी भी तरह की जानकारी और सहायता प्राप्त करने के लिए उपयोगी होगी।

BLO से संपर्क कैसे करें

मतदाता भारत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल या मोबाइल ऐप पर अपने मोबाइल नंबर से लॉग-इन कर इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। यदि मोबाइल नंबर पहले से रजिस्टर नहीं है, तो मतदाता को ‘साइन-अप’ करना होगा।

रजिस्ट्रेशन या ओटीपी के जरिए लॉग-इन के बाद, मतदाता अपना ईपीआईसी नंबर या संदर्भ संख्या दर्ज कर सकते हैं। इसके अलावा राज्य, जिला, विधानसभा क्षेत्र और बूथ नंबर जैसी जानकारी देकर भी कॉल बुक की जा सकती है। कॉल बुक होने के बाद संबंधित बीएलओ 48 घंटों के भीतर मतदाता से संपर्क करेगा।

SIR पर राजनीतिक दलों की आपत्तियां

निर्वाचन आयोग के मुताबिक, 12 करोड़ 55 लाख 56 हजार 25 मतदाताओं वाली मसौदा मतदाता सूची के खिलाफ राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय दलों से दावे और आपत्तियां प्राप्त हुई हैं।

राष्ट्रीय दलों में बहुजन समाज पार्टी ने नाम शामिल किए जाने के लिए 1,53,469 दावे और नाम हटाने के लिए 19 आपत्तियां दर्ज की हैं। भारतीय जनता पार्टी ने 1,60,605 दावे और 1,214 आपत्तियां पेश कीं। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने 94,591 दावे और 19 आपत्तियां दर्ज कराईं, जबकि आम आदमी पार्टी ने 5,262 दावे प्रस्तुत किए।

राज्य दलों में समाजवादी पार्टी ने नाम शामिल करने के लिए 1,56,972 दावे और 82 आपत्तियां दर्ज की हैं। वहीं अपना दल (एस) ने 5,397 दावे प्रस्तुत किए हैं।

Comments are closed.