वोटिंग से पहले बांग्लादेश में सनसनी: बंधे हाथ-पैर के साथ हिंदू व्यक्ति की लाश बरामद

1

बांग्लादेश में आम चुनावों की वोटिंग से एक दिन पहले, 11 फरवरी को मौलवीबाजार जिले के कमालगंज उपजिला में एक 28 वर्षीय हिंदू युवक का शव बरामद किया गया।

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस ने चम्पारा चाय बागान क्षेत्र से रतन साहूकार नामक युवक का शव पाया, जिसके हाथ-पैर बंधे हुए थे। कमालगंज पुलिस थाने के प्रभारी अब्दुल अवल ने बताया कि मृतक की पहचान रतन साहूकार के रूप में हुई है, जो चम्पारा चाय बागान में कार्यरत था और इस्लामपुर यूनियन क्षेत्र का निवासी था।

सुबह करीब 10 बजे मिली जानकारी

रिपोर्ट के अनुसार, 11 फरवरी की सुबह लगभग 10 बजे स्थानीय लोगों ने बागान में शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि शव पर चोट के निशान थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

एक बागान कर्मचारी ने नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर कहा कि कुछ स्थानीय लोगों को आशंका है कि हत्या कहीं और की गई और बाद में शव को यहां लाकर फेंका गया। हालांकि, हत्या को चुनाव से जोड़ने के दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस ने इस संबंध में कोई निष्कर्ष नहीं निकाला है।

रतन के बड़े भाई लक्ष्मण कर ने बताया कि परिवार पिछली रात से उसकी तलाश कर रहा था। उन्होंने कहा, “सुबह सूचना मिली कि उसका शव बागान में पड़ा है। हम मौके पर पहुंचे और पहचान की, लेकिन हमें नहीं पता कि उसकी हत्या क्यों की गई।”

9 फरवरी को व्यापारी की हत्या

इससे पहले 9 फरवरी की रात मैमनसिंह जिले के त्रिशाल उपजिला में 62 वर्षीय चावल व्यापारी सुशेन चंद्र सरकार की हत्या कर दी गई थी। स्थानीय रिपोर्ट्स के अनुसार, हमलावरों ने कथित रूप से लूटपाट के दौरान उन पर हमला किया और दुकान के अंदर गंभीर हालत में छोड़कर फरार हो गए। जाते समय दुकान का शटर बंद कर दिया गया था।

त्रिशाल पुलिस स्टेशन के प्रमुख मुहम्मद फिरोज हुसैन ने बताया कि घटना सोमवार रात करीब 11 बजे बोगर बाजार चौराहे पर हुई। मृतक “भाई भाई एंटरप्राइज” नामक दुकान के मालिक थे। पुलिस ने इस मामले में भी जांच शुरू कर दी है।

Comments are closed.