सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी स्टारर ‘बॉर्डर 2’ ने रिलीज़ के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर जोरदार शुरुआत की है।
23 जनवरी को सिनेमाघरों में आई इस देशभक्ति फिल्म को दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है। 29 साल बाद आए इस सीक्वल ने ओपनिंग डे पर कई बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया, जिसमें आदित्य धर की ‘धुरंधर’ भी शामिल है। हालांकि, पहले दिन की कमाई के मामले में यह अनिल शर्मा की ‘गदर 2’, विक्की कौशल की ‘छावा’ और शाहरुख खान की ‘पठान’ का रिकॉर्ड नहीं तोड़ सकी।
अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी ‘बॉर्डर 2’ करीब 275 करोड़ रुपये के बजट में तैयार हुई है। फिल्म में सबसे बड़ी फीस सनी देओल ने ली है, जो लगभग 50 करोड़ रुपये बताई जा रही है। मेकर्स ने इसे गणतंत्र दिवस वीकेंड पर रिलीज़ किया है, जिससे फिल्म को मजबूत ओपनिंग का फायदा मिला। 1971 के भारत-पाक युद्ध पर आधारित इस फिल्म ने रिलीज़ से पहले ही एडवांस बुकिंग के जरिए 12.50 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया था।
बॉक्स ऑफिस कलेक्शन: डे 1
Sacnilk के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, ‘बॉर्डर 2’ ने रिलीज़ के पहले दिन भारत में करीब 30 करोड़ रुपये की कमाई की है। इसके साथ ही यह अब तक की दूसरी सबसे बड़ी रिपब्लिक डे हिंदी ओपनर बन गई है।
रिपब्लिक डे पर सबसे बड़ी ओपनिंग फिल्में
- पठान – ₹55.00 करोड़
- बॉर्डर 2 – ₹30.00 करोड़
- फाइटर – ₹22.50 करोड़
- अग्निपथ – ₹22.80 करोड़
- रईस – ₹20.40 करोड़
- पद्मावत – ₹19.00 करोड़
‘धुरंधर’ को छोड़ा पीछे
ओपनिंग डे कलेक्शन के मामले में ‘बॉर्डर 2’ ने रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ को मात दी है। जहां ‘धुरंधर’ ने पहले दिन 28 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था, वहीं ‘बॉर्डर 2’ इससे करीब 2 करोड़ रुपये आगे निकल गई।
‘छावा’ और ‘गदर 2’ से पीछे
हालांकि, 2025 की सबसे बड़ी ओपनिंग का रिकॉर्ड अब भी विक्की कौशल की ‘छावा’ के नाम है, जिसने पहले दिन 31 करोड़ रुपये कमाए थे। वहीं, सनी देओल अपनी पिछली ब्लॉकबस्टर ‘गदर 2’ का रिकॉर्ड भी नहीं तोड़ सके। ‘गदर 2’ ने जहां ओपनिंग डे पर 40.10 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था, वहीं ‘बॉर्डर 2’ की कमाई करीब 25.19% कम रही।
लॉन्ग वीकेंड से बढ़ेंगी कमाई की उम्मीदें
गणतंत्र दिवस की छुट्टी और लंबे वीकेंड को देखते हुए ट्रेड एक्सपर्ट्स को उम्मीद है कि शनिवार, रविवार और 26 जनवरी को फिल्म की कमाई में बड़ा उछाल देखने को मिल सकता है। ऐसे में आने वाले दिनों में ‘बॉर्डर 2’ कई नए बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड बना सकती है।
Comments are closed.