मध्य प्रदेश के खंडवा में देर रात दरगाह पर बुलडोजर कार्रवाई, दिनभर विरोध के बाद प्रशासन ने हटाया अतिक्रमण

1

खंडवा में आधी रात से पहले दरगाह पर चला बुलडोजर, शहरकाजी के विरोध के बावजूद प्रशासन ने हटाया अतिक्रमण

मध्य प्रदेश के खंडवा में सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर मंगलवार को दिनभर तनाव और विरोध का माहौल बना रहा। देर रात जिला प्रशासन ने लंबे समय से बंद पड़ी श्री मानसिंहका ऑयल मिल की जमीन पर बनी दीवार और सड़क किनारे स्थित दरगाह को बुलडोजर से हटा दिया। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।

प्रशासन की टीम जब दीवार और दरगाह हटाने पहुंची तो शहरकाजी सैयद निसार अली कई लोगों के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर के सामने कार्रवाई पर आपत्ति जताई। शहरकाजी ने मास्टर प्लान का हवाला देते हुए सवाल उठाया कि शहर में कई स्थानों पर मंदिर होने के बावजूद सड़क और मास्टर प्लान के नियम समान रूप से लागू क्यों नहीं किए जाते।

उन्होंने प्रशासन पर भेदभावपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया। इससे पहले शहरकाजी ने चेतावनी दी थी कि यदि दरगाह तोड़ी गई तो शहर के मंदिरों के बाहर धरना दिया जाएगा।

भीड़ के बीच घिरे सिटी मजिस्ट्रेट

कार्रवाई शुरू होते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। विरोध के दौरान अधिकारियों और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। हालात बिगड़ने पर सिटी मजिस्ट्रेट भी भीड़ के बीच घिर गए, जिन्हें पुलिसकर्मियों ने सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया।

तीन बुलडोजर लगाकर हटाई गई दीवार और दरगाह

शाम होते ही प्रशासन ने तीन बुलडोजरों की मदद से करीब 100 फीट लंबी दीवार को तोड़ने का काम शुरू किया। दरगाह को नुकसान से बचाने के लिए उसके ऊपर टीन की चादरें लगाई गई थीं। दिनभर के विरोध और हंगामे के बाद रात करीब आठ बजे दरगाह को भी हटा दिया गया।

खंडवा के सीएसपी अभिनव बरंगे ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण में बाधा बन रहे अतिक्रमण को हटाने के लिए यह कार्रवाई की गई। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अलग-अलग स्थानों पर पुलिस प्वाइंट बनाए गए थे। साथ ही सोशल मीडिया पर गतिविधियों की निगरानी के लिए विशेष टीम भी गठित की गई थी।

Comments are closed.