लुधियाना वेस्ट उपचुनाव: वोटिंग जारी, 1.75 लाख से ज्यादा मतदाता चुनेंगे अगला विधायक
पंजाब की लुधियाना वेस्ट विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान वीरवार सुबह 7 बजे शुरू हो गया। यह सीट आम आदमी पार्टी के विधायक गुरप्रीत गोगी के निधन के चलते पिछले पांच महीने से खाली थी। अब 1,75,469 मतदाता नए प्रतिनिधि के चयन के लिए मतदान कर रहे हैं। मतदान शाम 6 बजे तक जारी रहेगा।
चार प्रमुख उम्मीदवारों में कांटे की टक्कर
- आप की ओर से राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा मैदान में हैं। यह जीत उन्हें राज्य की राजनीति में बड़ी भूमिका दे सकती है।
- कांग्रेस के भारत भूषण आशु, जिन पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों से हाल ही में क्लीन चिट मिली है, वापसी को लेकर बड़ा दांव खेल रहे हैं।
- भाजपा ने जीवन गुप्ता को मैदान में उतारा है, जो पिछली बार लुधियाना संसदीय सीट से रिकॉर्ड वोट हासिल करने वाले रवनीत बिट्टू के अभियान से जुड़े रहे हैं।
- अकाली दल की ओर से परउपकार सिंह घुम्मन उम्मीदवार हैं, जिनके लिए खुद पार्टी अध्यक्ष सुखबीर बादल ने लुधियाना में मोर्चा संभाला।
राजनीतिक भविष्य की परीक्षा
यह उपचुनाव सिर्फ एक सीट तक सीमित नहीं है, बल्कि यह 2027 के विधानसभा चुनाव के लिहाज से सभी दलों के लिए महत्वपूर्ण परीक्षा है। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी जहां इस मुकाबले को प्रतिष्ठा की लड़ाई मान रहे हैं, वहीं भाजपा और अकाली दल इसे अपनी जमीन मजबूत करने का अवसर मानते हैं।
तीन नए चेहरे, एक अनुभवी दावेदार
इस बार चुनाव लड़ रहे चार प्रमुख उम्मीदवारों में से तीन पहली बार मैदान में हैं, जबकि कांग्रेस के आशु चौथी बार चुनाव लड़ रहे हैं, और दो बार विधायक रह चुके हैं।
194 बूथों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
जिला चुनाव अधिकारी हिमांशु जैन ने बताया कि हलके में 194 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सभी बूथों पर सीसीटीवी और लाइव वेबकास्टिंग की व्यवस्था है। जिला प्रशासन ने एकीकृत कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से चुनावी निगरानी सुनिश्चित की है।
Comments are closed.