आगामी बिहार विधानसभा चुनावों से पहले राज्य के व्यापारी समुदाय ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) को अपना पूर्ण समर्थन देने का ऐलान किया है।
कंफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) ने यह घोषणा पटना में आयोजित “बिहार व्यापारी सम्मेलन” में की। CAIT के राष्ट्रीय महामंत्री और दिल्ली के चांदनी चौक से सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने कहा कि, “आगामी बिहार विधानसभा चुनावों में NDA की जीत निश्चित है।”
सम्मेलन में पारित सर्वसम्मत प्रस्ताव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए कहा गया कि बिहार के व्यापारी समुदाय द्वारा आगामी चुनावों में एनडीए का समर्थन किया जाएगा। बिहार में करीब नौ लाख से अधिक व्यापारिक प्रतिष्ठान हैं, जो लगभग 20 लाख लोगों को प्रत्यक्ष और लाखों अन्य लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार प्रदान करते हैं।
सम्मेलन में बिहार के सभी जिलों से 200 से अधिक व्यापारी नेता मौजूद थे। इसकी अध्यक्षता CAIT बिहार प्रदेश के अध्यक्ष अशोक वर्मा ने की। प्रस्ताव में कहा गया कि राज्य में विकास, स्थिरता और सुशासन को बढ़ावा देने के लिए एनडीए उम्मीदवारों को समर्थन दिया जाएगा।
अशोक वर्मा ने बताया कि “गरीब कल्याण, किसान सम्मान, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुद्रा लोन, डिजिटल इंडिया और स्टार्टअप इंडिया जैसी योजनाओं का लाभ बिहार के हर वर्ग तक पहुंचा है। केंद्र और राज्य सरकार की संयुक्त नीतियों ने बिहार को ‘विकास और अवसरों का राज्य’ के रूप में स्थापित किया है।”
Comments are closed.