इमरान हाशमी की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘आवारापन 2’ अब रिलीज से सिर्फ एक कदम दूर है।
केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) ने फिल्म को UA 16+ सर्टिफिकेट जारी कर दिया है। हालांकि, मंजूरी से पहले बोर्ड ने फिल्म में नौ बदलाव कराने के निर्देश दिए। करीब 19 साल बाद ‘आवारापन’ का सीक्वल बड़े पर्दे पर लौट रहा है। फिल्म में इमरान हाशमी एक बार फिर शिवम के किरदार में नजर आएंगे, जबकि दिशा पाटनी और शबाना आजमी भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगी। 14 अगस्त को रिलीज होने से पहले फिल्म सेंसर बोर्ड के पास पहुंची थी, जहां 5 अगस्त को इसे प्रमाणन मिल गया।
CBFC के मुताबिक, ‘आवारापन 2’ का रनटाइम 2 घंटे 20 मिनट है। पहली ‘आवारापन’ की अवधि करीब 2 घंटे 13 मिनट थी।
सेंसर बोर्ड ने क्या-क्या बदला?
CBFC ने फिल्म को मंजूरी देने से पहले कुल नौ बदलाव करने को कहा। बोर्ड के निर्देशों के अनुसार, ड्रग्स के इस्तेमाल और बच्चों की तस्करी जैसे संवेदनशील विषयों से जुड़े डिस्क्लेमर जोड़े गए हैं। इसके अलावा, ऑडियो और सबटाइटल में मौजूद कुछ आपत्तिजनक शब्दों को बदलने के लिए भी कहा गया।
हिंसा वाले दृश्यों में भी कटौती की गई है। एक एक्शन सीन की हिंसा को करीब 50 प्रतिशत तक कम किया गया, जबकि ड्रग्स के सेवन से जुड़े एक दृश्य और फिल्म के एंड क्रेडिट्स में भी संशोधन किए गए हैं।
14 अगस्त को होगी सिनेमाघरों में रिलीज
नितिन कक्कड़ के निर्देशन में बनी ‘आवारापन 2’ 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। 2007 में आई ‘आवारापन’ भले ही बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता हासिल नहीं कर सकी थी, लेकिन समय के साथ इसने कल्ट फैनबेस बना लिया। ऐसे में लगभग दो दशक बाद आ रहे इसके सीक्वल से दर्शकों और ट्रेड दोनों को काफी उम्मीदें हैं।
Comments are closed.