जाकिर नाइक पर केंद्र की सख्ती, IRF की फंडिंग और संपत्तियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए राज्यों को मिले अधिकार
जाकिर नाइक के संगठन IRF पर केंद्र की सख्ती, फंड और संपत्तियों पर कार्रवाई के लिए राज्यों को मिले अधिकार
केंद्र सरकार ने भगोड़े इस्लामिक प्रचारक जाकिर नाइक के संगठन इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन (IRF) के खिलाफ कार्रवाई का दायरा बढ़ा दिया है। गृह मंत्रालय ने अब राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को संगठन की वित्तीय गतिविधियों, फंड और संपत्तियों पर कार्रवाई करने के विशेष अधिकार सौंपे हैं। इस फैसले के बाद राज्य सरकारें प्रतिबंधित संगठन से जुड़ी संपत्तियों और वित्तीय लेनदेन पर सीधे कदम उठा सकेंगी।
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने गुरुवार को इस संबंध में राजपत्र अधिसूचना जारी की। इसमें गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम, 1967 यानी UAPA की धारा 42 के तहत केंद्र के अधिकार राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को सौंपने का प्रावधान किया गया है।
फंडिंग और संपत्तियों पर होगी कार्रवाई
गृह मंत्रालय की अधिसूचना के तहत UAPA की धारा 7 और 8 से संबंधित अधिकार राज्यों को दिए गए हैं। धारा 7 के तहत गैरकानूनी संगठन की गतिविधियों में इस्तेमाल होने वाले या इस्तेमाल किए जाने की आशंका वाले धन, प्रतिभूतियों और अन्य वित्तीय संसाधनों के उपयोग तथा हस्तांतरण पर रोक लगाई जा सकती है। इसके अलावा, अधिकृत अधिकारी संबंधित वित्तीय लेनदेन की जांच भी कर सकेंगे।
वहीं, धारा 8 के तहत उन मकानों, इमारतों और परिसरों को अधिसूचित किया जा सकता है, जिनका इस्तेमाल प्रतिबंधित संगठन की गतिविधियों के लिए किए जाने का संदेह हो। इसके बाद प्रशासन ऐसे स्थानों पर लोगों की आवाजाही नियंत्रित करने और वहां मौजूद चल संपत्तियों के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाने की कार्रवाई कर सकता है।
IRF पर पांच साल के लिए बढ़ा प्रतिबंध
केंद्र सरकार ने 13 नवंबर को एक अन्य अधिसूचना जारी कर इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन को गैरकानूनी संगठन घोषित रखने का फैसला किया था। इसके तहत संगठन पर लगा प्रतिबंध अगले पांच वर्षों के लिए बढ़ा दिया गया। पुरानी प्रतिबंध अवधि 14 नवंबर को समाप्त होने वाली थी।
सरकार ने UAPA की धारा 3(1) और 3(3) के तहत यह कार्रवाई की थी। नए निर्देश से प्रतिबंधित संगठन के खिलाफ वित्तीय और संपत्ति संबंधी कार्रवाई को राज्यों के स्तर पर भी आगे बढ़ाने का रास्ता खुल गया है।
2016 से विदेश में रह रहा है जाकिर नाइक
महाराष्ट्र में जन्मा जाकिर नाइक वर्ष 2016 में भारत छोड़कर विदेश चला गया था। वह फिलहाल मलेशिया में रह रहा है। उसी वर्ष केंद्र सरकार ने उसके संगठन IRF को गैरकानूनी घोषित किया था। वर्ष 2017 में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के अनुरोध पर उसका पासपोर्ट भी रद कर दिया गया था।
भारतीय एजेंसियां लंबे समय से उसके प्रत्यर्पण और कानूनी कार्रवाई के लिए प्रयास कर रही हैं। 17 नवंबर 2016 से इस मामले में केंद्र सरकार की ओर से कानूनी और कूटनीतिक कदम उठाए जा रहे हैं।
इंटरपोल और मलेशिया से भी किया गया संपर्क
भारत ने मई 2017 में जाकिर नाइक के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराने के लिए इंटरपोल से संपर्क किया था। इसके बाद अगस्त और अक्टूबर में अतिरिक्त स्पष्टीकरण भी दिए गए। हालांकि, दिसंबर 2017 में इंटरपोल आयोग ने शुरुआती अनुरोध को समय से पहले का बताते हुए स्वीकार नहीं किया। आयोग के अनुसार, उस समय आवेदन के साथ चार्जशीट दाखिल नहीं की गई थी।
इसके बाद भारतीय एजेंसियों ने अदालत से 24 नवंबर 2017 को जारी नए वारंट के आधार पर 3 जनवरी 2018 को इंटरपोल के समक्ष दोबारा अनुरोध प्रस्तुत किया। वहीं, मलेशिया में नाइक को स्थायी निवासी का दर्जा मिलने की पुष्टि के बाद भारत ने 19 जनवरी 2018 को वहां के विदेश मंत्रालय को उसकी अस्थायी गिरफ्तारी और प्रत्यर्पण के लिए औपचारिक अनुरोध भेजा था।
अब केंद्र के नए फैसले के बाद IRF से जुड़ी वित्तीय गतिविधियों और संपत्तियों पर कार्रवाई में राज्यों की भूमिका भी महत्वपूर्ण हो जाएगी।
Comments are closed.