दिल्ली का ‘डर्टी बाबा’ चैतन्यानंद आगरा से गिरफ्तार, 17 छात्राओं ने लगाए यौन शोषण के आरोप
दिल्ली पुलिस ने शनिवार तड़के स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती उर्फ़ ‘डर्टी बाबा’ को उत्तर प्रदेश के आगरा के ताजगंज इलाके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम ने उसे रात करीब 3:30 बजे एक होटल से दबोचा और तुरंत दिल्ली रवाना कर दिया।
चैतन्यानंद लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी तलाश में दिल्ली पुलिस ने दिल्ली, हरियाणा और यूपी में लगातार छापेमारी की थी। शुक्रवार को पटियाला हाउस कोर्ट ने उसकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी, जिसके बाद गिरफ्तारी तेज़ हो गई थी।
आगरा में छिपा बैठा था बाबा
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, चैतन्यानंद की आखिरी लोकेशन आगरा में ट्रेस हुई, जिसके बाद उसे ताजगंज क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पुलिस को शक है कि वह कई दिनों से आगरा में छिपा हुआ था।
जमीन और फंड हड़पने के आरोप
यह मामला दिल्ली के वसंत कुंज स्थित श्री शारदा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडियन मैनेजमेंट से जुड़ा है। आरोप है कि चैतन्यानंद ने 2010 से अब तक संस्थान की करोड़ों रुपये कीमत की जमीन और फंड हड़पने की कोशिश की।
पुलिस के अनुसार, उसने मूल ट्रस्ट के समानांतर एक नया ट्रस्ट बनाकर लगभग 20 करोड़ रुपये उसमें ट्रांसफर कर दिए। जुलाई 2025 में करीब 60 लाख रुपये नकद भी निकाले गए। इस संबंध में 19 सितंबर को दिल्ली पुलिस ने उसके खिलाफ धोखाधड़ी (धारा 420), आपराधिक विश्वासघात (धारा 406) और अन्य धाराओं में तीन एफआईआर दर्ज की थीं।
यौन शोषण के भी गंभीर आरोप
आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) की छात्राओं ने आरोप लगाया है कि चैतन्यानंद ने उन्हें आश्रम बुलाकर छेड़छाड़ और यौन उत्पीड़न किया। पीड़िताओं की संख्या 17 बताई जा रही है, जो संस्थान में स्कॉलरशिप पर डिप्लोमा कोर्स कर रही थीं। छात्राओं का कहना है कि विरोध करने पर उन्हें धमकियां भी दी गईं।
पुलिस की अगली कार्रवाई
गिरफ्तारी के बाद दिल्ली पुलिस ने चैतन्यानंद के खिलाफ दर्ज सभी मामलों की जांच तेज़ कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आगे की पूछताछ में जमीन घोटाले और यौन शोषण दोनों पहलुओं की गहराई से जांच की जाएगी।
Comments are closed.