ईरानी हमले में घायल अमेरिकी मेजर का दावा, सुरक्षा खतरे की चेतावनी को अधिकारियों ने किया नजरअंदाज

1

ईरानी ड्रोन हमले में 6 अमेरिकी सैनिकों की मौत पर बड़ा खुलासा, घायल मेजर ने सैन्य नेतृत्व पर लगाए गंभीर आरोप

कुवैत में ईरानी ड्रोन हमले में छह अमेरिकी सैनिकों की मौत के मामले में अमेरिकी सेना की सुरक्षा तैयारियों पर सवाल खड़े हो गए हैं। हमले में घायल हुए अमेरिकी आर्मी मेजर स्टीफन रैम्सबाटम ने आरोप लगाया है कि ड्रोन हमले की आशंका को लेकर पहले ही सैन्य अधिकारियों को चेतावनी दी गई थी, लेकिन उनकी बातों को नजरअंदाज कर दिया गया। उन्होंने इस मामले में अमेरिकी सैन्य नेतृत्व की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं।

रैम्सबाटम ने अपनी शिकायत अमेरिकी कांग्रेस की हाउस और सीनेट की सशस्त्र सेवा समितियों के समक्ष दर्ज कराई है। यह हमला 1 मार्च को कुवैत के पोर्ट शुआइबा में स्थित अमेरिकी सैन्य कमांड पोस्ट पर हुआ था।

सुरक्षा व्यवस्था में थीं कई गंभीर खामियां

मेजर रैम्सबाटम का कहना है कि हमले के समय सैन्य ठिकाने पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। वहां न तो कोई डॉक्टर मौजूद था और न ही स्थायी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध थी। आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए सिर्फ एक एंबुलेंस थी।

उन्होंने बताया कि सैन्य पोस्ट को जमीनी हमलों और कार बम जैसे खतरों से बचाने की तैयारी की गई थी, लेकिन हवाई हमलों और ड्रोन से सुरक्षा के लिए जरूरी व्यवस्था नहीं की गई थी।

अधिकारियों को दो बार आगाह करने का दावा

सीबीएस न्यूज के साथ बातचीत में रैम्सबाटम ने इस घटना को सैन्य नेतृत्व की गंभीर विफलता करार दिया। उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी सेंट्रल कमांड के लॉजिस्टिक्स प्रभारी मेजर जनरल जान हिंसन को दो बार सुरक्षा संबंधी चिंताओं से अवगत कराया गया था।

उन्होंने पोर्ट शुआइबा में ड्रोन रोधी प्रणाली तैनात करने की मांग भी उठाई थी। इसके बावजूद वहां ऐसी सुरक्षा प्रणाली उपलब्ध नहीं कराई गई। रैम्सबाटम के मुताबिक, उनकी चेतावनियों पर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई।

हमले में छह सैनिकों की हुई थी मौत

1 मार्च को हुए इस हमले में अमेरिकी सेना के छह जवान मारे गए थे। मृतकों की पहचान कैप्टन कोडी खोरक (35), सार्जेंट फर्स्ट क्लास नोआ टिटजेंस (42), सार्जेंट फर्स्ट क्लास निकोल अमोर (39), सार्जेंट डेक्लन कोडी (20), मेजर जेफ्री ओब्रायन (45) और चीफ वारंट ऑफिसर थ्री रॉबर्ट मार्जन (54) के रूप में हुई थी।

रक्षा मंत्री के बयान पर उठाए सवाल

अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने हमले के अगले दिन कहा था कि सैन्य ठिकाना सुरक्षित था, लेकिन एक ड्रोन सुरक्षा घेरे को भेदने में कामयाब रहा। हालांकि, मेजर की शिकायत में इस दावे के विपरीत कहा गया है कि ठिकाने पर एकतरफा हमले वाले ड्रोन से निपटने के लिए कोई विशेष सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी।

इस मुद्दे पर कनेक्टिकट के डेमोक्रेटिक सीनेटर रिचर्ड ब्लूमेंथल ने 15 नवंबर को रक्षा मंत्री से जवाब मांगा। उन्होंने गोपनीय ब्रीफिंग के जरिए सैन्य पोस्ट की सुरक्षा व्यवस्था और हमले से पहले उठाई गई चेतावनियों की जानकारी देने की मांग की है।

फिलहाल पेंटागन ने मेजर की शिकायत पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। मामले ने अमेरिकी सैन्य ठिकानों की सुरक्षा, ड्रोन हमलों से निपटने की तैयारी और अधिकारियों की जवाबदेही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Comments are closed.