उत्तर भारत में सर्दी ने दस्तक दे दी है। दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में तापमान गिरने लगा है, जबकि पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और बारिश का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 4 से 5 नवंबर के बीच पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर भारत के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
दिल्ली-NCR का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में सुबह-शाम सर्दी का असर बढ़ रहा है। दिन में हल्की धूप निकल रही है, लेकिन शाम के बाद तापमान गिरने से सिहरन महसूस की जा रही है। IMD ने 5 नवंबर तक आसमान में हल्के बादल छाए रहने और कुछ इलाकों में कोहरा पड़ने का अनुमान जताया है।
दिल्ली में प्रदूषण का कहर
ठंड के साथ राजधानी में प्रदूषण की मार भी बढ़ रही है। अक्षरधाम सहित कई इलाकों में घना धुंध छाया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, दिल्ली का औसत AQI 390 से ऊपर दर्ज किया गया है, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है।
उत्तराखंड और हिमाचल में बर्फबारी
पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने 4 और 5 नवंबर के लिए अलर्ट जारी किया है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की बर्फबारी के आसार हैं।
उत्तर प्रदेश का मौसम
उत्तर प्रदेश में मोंथा तूफान के बाद फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है। अगले कुछ दिनों तक बारिश की संभावना नहीं है, हालांकि सुबह और शाम के समय कोहरा छाने की संभावना है।
दक्षिण भारत में भारी बारिश की संभावना
पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी और म्यांमार तट पर बने निम्न दबाव क्षेत्र के कारण अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भारी बारिश हो सकती है। वहीं, 4 से 6 नवंबर तक तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में बारिश के आसार हैं। 5 से 7 नवंबर तक तटीय और उत्तर आंतरिक कर्नाटक में भी बारिश का पूर्वानुमान है। इस दौरान मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
उत्तर भारत में ठंड बढ़ने और पहाड़ों पर बर्फबारी के साथ सर्दी का मौसम पूरी तरह लौट आया है, जबकि दक्षिण भारत में बारिश का दौर शुरू होने से तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
Comments are closed.