उत्तर भारत में गर्मी से राहत का दौर अभी जारी रहने वाला है।
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले दो दिनों तक कई राज्यों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला बना रह सकता है। पहाड़ी राज्यों से लेकर दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और राजस्थान तक मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आएगा।
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 6 और 7 जून को कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं। मैदानी इलाकों में दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ के लिए भी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। कुछ क्षेत्रों में हवाओं की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
दिल्ली-एनसीआर में आज हल्की से मध्यम बारिश और बादल छाए रहने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 10 और 11 जून को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिसके चलते राजधानी और आसपास के इलाकों में एक बार फिर बारिश का दौर शुरू हो सकता है।
उत्तर प्रदेश में भी मौसम सक्रिय बना रहेगा। पश्चिमी यूपी के नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ और आसपास के जिलों में 6 जून को बारिश की संभावना है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में आज के अलावा 10 और 11 जून को भी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
राजस्थान में भी प्री-मानसून गतिविधियां तेज रहने के संकेत हैं। पूर्वी राजस्थान में 6 से 11 जून के बीच अलग-अलग स्थानों पर बारिश और आंधी की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान में 7 जून को तेज हवाओं और हल्की बारिश का अनुमान है। कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
मध्य प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भी मौसम करवट ले सकता है। पूर्वी मध्य प्रदेश में 6 से 9 जून और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 7 से 9 जून के बीच बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना है। वहीं विदर्भ और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भी अगले कुछ दिनों तक मौसम खराब रह सकता है।
पश्चिमी भारत में गुजरात, कोंकण, गोवा, सौराष्ट्र, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। कोंकण और गोवा के कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है, जबकि महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भी तेज बारिश दर्ज की जा सकती है।
दक्षिण भारत में मानसून की रफ्तार लगातार बढ़ रही है। केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और गोवा के कई हिस्सों में अगले एक सप्ताह तक अच्छी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने केरल और कर्नाटक के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
पूर्वोत्तर भारत में भी मानसूनी गतिविधियां जोर पकड़ रही हैं। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले सात दिनों तक कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। अनुमान है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून जून के आखिरी सप्ताह तक उत्तर भारत के बड़े हिस्से को कवर कर लेगा।
Comments are closed.