उज्जैन में छठ पूजा में शामिल हुए सीएम मोहन यादव, उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने आज उज्जैन में छठ पर्व के अवसर पर उगते सूर्य को जल अर्पित कर पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेश और देशवासियों के कल्याण, सुख और समृद्धि की कामना की। चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत 25 अक्टूबर से हुई थी और आज सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ इसका समापन हुआ। मध्य प्रदेश के कई शहरों में यह पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इससे पहले सोमवार को डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया था। उन्होंने एक्स (X) पर पोस्ट करते हुए लिखा, “पूर्व दिशा से आने वाली कठिनाइयों को हर काल में अपने सीने पर झेलते हुए देश की सुख-समृद्धि की कामना करता है बिहार।”
उन्होंने इंदौर में व्रती माताओं और बहनों के साथ अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और कहा कि —
“छठी मइया और सूर्य देव से प्रार्थना है कि सभी माताओं-बहनों और प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, समृद्धि और नई ऊर्जा का प्रकाश बना रहे।” राज्यभर में छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। इंदौर, भोपाल, उज्जैन, जबलपुर और ग्वालियर सहित कई जिलों में प्रशासन ने विशेष प्रबंध किए थे ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो।
Comments are closed.