कश्मीर में शुरू हुए 20 दिवसीय चिल्लेखुर्द (कम तीव्रता वाली ठंड) ने अपनी पारी के आरंभ में ही मौसम में परिवर्तन लाकर उच्च पर्वतीय इलाकों को बर्फ की ताजा चादर से ढक दिया।
जबकि श्रीनगर समेत अधिकांश निचले इलाकों में वर्षा से ठंड को बढ़ा दिया है। बर्फबारी से कई जिलों के संपर्क मार्ग बंद हो गए हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान भी घाटी में बर्फबारी और वर्षा की संभावना जताई है।
शनिवार को भी जारी रहा बर्फबारी
गुलमर्ग समेत उच्च पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी का सिलसिला शुक्रवार देर रात शुरू हो गया था जो शनिवार को भी रुक रुक कर जारी रहा। गुलमर्ग में चार इंच, पहलगाम में सात इंच, सोनमर्ग में पांच इंच, साधना टाप पर नौ इंच, राजदान टाप पर 10 इंच बर्फ जमा हो गई।
यातायात के लिए ये रास्ते बंद
बर्फबारी से बांडीपोरा-गुरेज तथा कुपवाड़ा-करनाह रोड यातायात के लिए बंद हो गया। श्रीनगर समेत अधिकांश निचले इलाकों में रुक रुक कर वर्षा जारी रही। 20 दिवसीय चिलेखर्द के दौरान घाटी की पहली बर्फबारी है। इससे पूर्व चिल्लेकलां के दौरान घाटी चार बार बर्फ की सफेद चादर से ढक गई थी।
इस हफ्ते ऐसा रहेगा मौसम का मिजाज
मौसम विभाग ने छह फरवरी तक घाटी में मौसम के मिजाज तीखे बने रहने की संभावना जताई है। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 0.8, काजीगुंड में 0.2, कुपवाड़ा में 0.2 तथा कोकरनाग में न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री रिकॉर्ड किया। गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान -7.0, पहलगाम में -0.4 डिग्री रिकॉर्ड किया। वहीं जम्मू में आंशिक बादलों के बीच दिन की शुरुआत हुई।
लंबे समय से शुष्क था मौसम
ऊंचे इलाकों में ताजा बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश से कश्मीर घाटी में लंबे समय से जारी शुष्क दौर खत्म हो गया। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों में और अधिक वर्षा होने की संभावना जताई है। घाटी के बारामूला, बांदीपोरा, कुपवाड़ा और सोनमर्ग जिलों के ऊंचे इलाकों में रुक-रुक कर बर्फबारी की खबर है।
दक्षिण कश्मीर के कुछ हिस्सों में सुबह-सुबह बर्फबारी के निशान देखे गए। श्रीनगर और आसपास के इलाकों में कल शाम से रुक-रुक कर बारिश जारी है। मौसम विभाग ने कहा कि बारिश के कारण शुक्रवार को अधिकतम तापमान में कुछ डिग्री की गिरावट आई, जबकि न्यूनतम तापमान कल रात शहर में हिमांक बिंदु से ऊपर पहुंच गया।