मानसून के जाने के बाद उत्तर भारत का मौसम तेजी से बदल रहा है। दिल्ली एनसीआर और आसपास के राज्यों में सुबह और शाम ठंड का एहसास बढ़ गया है। पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के बाद मैदानी इलाकों में भी तापमान तेजी से गिर रहा है।
मौसम विभाग ने कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। दक्षिण-पश्चिम मानसून महाराष्ट्र, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के कई हिस्सों में भी बरसात कर सकता है।
दिल्ली एनसीआर: राजधानी में सुबह और शाम की ठंड बढ़ गई है। दिन के समय मौसम साफ रहेगा और तापमान 31-33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। 10 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चल रही हवाओं के कारण रात में ठंड का एहसास बढ़ सकता है।
उत्तर प्रदेश और बिहार: यूपी में 16 अक्टूबर तक मौसम साफ रहेगा, लेकिन इसके बाद कई जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। दिन में धूप के कारण गर्मी और उमस बनी रहेगी, जबकि रात के तापमान में गिरावट से ठंड बढ़ेगी। बिहार और झारखंड में अगले कुछ दिन बारिश की कोई चेतावनी नहीं है। इन राज्यों का तापमान 19-31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। 19 अक्टूबर के बाद यहां मौसम में बदलाव हो सकता है।
पहाड़ी राज्य: हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में पहले ही बर्फबारी हो चुकी है। तेज धूप से बर्फ पिघलने लगी है, जिससे कुछ जगहों पर हिमस्खलन का खतरा है। 14-17 अक्टूबर तक मौसम शुष्क रहेगा। सुबह कोहरा और रात की ठंडी हवाएं ठिठुरन बढ़ा सकती हैं।
अन्य राज्य: ओडिशा के कुछ हिस्सों में तूफानी हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। 14-15 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ और विदर्भ में हल्की बारिश हो सकती है। राजस्थान में उत्तरी हवाओं के कमजोर होने के बाद पूर्वी हवाएं सक्रिय हो गई हैं, जिससे मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
Comments are closed.