कश्मीर में शीतलहर तेज़, कई इलाकों में पारा शून्य से नीचे; जम्मू में भी बढ़ी ठिठुरन

6

कश्मीर घाटी में शीतलहर का असर लगातार बढ़ रहा है। शुष्क मौसम के बीच रात के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा रही है और कई जिलों में पारा शून्य डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है।

श्रीनगर और गुलमर्ग में रात का तापमान लगभग समान बना हुआ है, जबकि जम्मू में भी सुबह और रात के वक्त ठंड ने दस्तक दे दी है। मौसम विभाग श्रीनगर के अनुसार, 17 नवंबर तक मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन इस दौरान तापमान में और गिरावट आएगी। दिन में हल्की धूप के बावजूद शाम होते ही ठिठुरन महसूस की जा रही है और रातों में ठंड का असर तेजी से बढ़ रहा है।

श्रीनगर में मंगलवार को अधिकतम तापमान 16.5°C, पहलगाम में 14.6°C, और गुलमर्ग में 8°C दर्ज किया गया। वहीं जम्मू में अब दिन में भी गर्माहट कम महसूस हो रही है। यहां अधिकतम तापमान 26.2°C और न्यूनतम 11.4°C दर्ज किया गया। पर्वतीय क्षेत्रों में भी ठंड का असर बढ़ने लगा है। बनिहाल (19.8°C), बटोत (18.9°C), कटड़ा (23.4°C) और भद्रवाह (18.8°C) में पारा लगातार गिर रहा है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यदि यही स्थिति बनी रही तो आने वाले दिनों में घाटी के कई इलाकों में पहली पाला पड़ने की संभावना है। स्थानीय बाजारों में गर्म कपड़ों और कांगड़ी की मांग बढ़ गई है, जबकि पर्यटक स्थलों पर अब पहली बर्फबारी का इंतजार शुरू हो गया है।

Comments are closed.