दिल्ली में शीतलहर का कहर, कोहरे के साथ बर्फीली हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन

3

भारत मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में भीषण ठंड और घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

राजधानी और आसपास के इलाकों में पिछले कई दिनों से शीतलहर और बेहद घने कोहरे का असर बना हुआ है, जिससे सामान्य जनजीवन के साथ यातायात भी प्रभावित हो रहा है। गुरुवार को दिल्ली के पालम इलाके में इस सीजन का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया। यहां न्यूनतम तापमान गिरकर 2.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सामान्य से करीब 5 डिग्री कम है। यह पालम में वर्ष 2010 के बाद दर्ज किया गया सबसे कम तापमान है। वहीं, आयानगर में न्यूनतम तापमान 2.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो दिल्ली का दूसरा सबसे ठंडा इलाका रहा।

उत्तर भारत में शीतलहर का असर जारी

IMD ने चेतावनी दी है कि कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का यह दौर अभी कुछ और दिनों तक जारी रह सकता है। गुरुवार को दिल्ली के साथ-साथ पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में भीषण ठंड और बहुत घने कोहरे की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया।

15 जनवरी को देश के मैदानी इलाकों में हरियाणा का हिसार सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान गिरकर सिर्फ 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं उत्तराखंड के पंतनगर में न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

यूपी-बिहार से पंजाब-हरियाणा तक ठंड का कहर

मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के साथ राजस्थान, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और झारखंड में अगले दो दिनों तक शीतलहर की स्थिति बनी रहने की संभावना है। इसके बाद ठंड के असर में धीरे-धीरे कमी आ सकती है।

पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के कुछ इलाकों में अगले दो दिनों तक शीत दिवस की चेतावनी भी जारी की गई है। वहीं उत्तर-पश्चिम भारत और बिहार में अगले पांच दिनों तक घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है।

पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम

IMD के मुताबिक 16 जनवरी की शाम से दिल्ली के आसमान में आंशिक बादल छाने लगेंगे। हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में यह बदलाव देखने को मिलेगा। बादलों का यह सिलसिला अगले पांच दिनों तक जारी रह सकता है, जिससे कोहरे की तीव्रता में कुछ कमी आने की संभावना है।

16 जनवरी को कई इलाकों में मध्यम धुंध और कुछ स्थानों पर घनी धुंध छाई रह सकती है। इसके बाद सुबह के समय हल्की से मध्यम धुंध रहने का अनुमान है।

अगले पांच दिनों का तापमान अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों में न्यूनतम तापमान बढ़कर 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि अधिकतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। इससे राजधानी और आसपास के इलाकों में ठंड से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

Comments are closed.