लोहड़ी के बाद मकर संक्रांति पर दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने राहत नहीं दी।
राजधानी दिल्ली और नोएडा में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे सुबह-शाम कड़ाके की ठंड का असर साफ दिखा। ठंडी हवाओं के चलते लोगों को कंपकंपाने वाली सर्दी का सामना करना पड़ा।
भारत मौसम विभाग (IMD) ने पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, झारखंड और ओडिशा में अगले दो से तीन दिनों तक भयंकर से अत्यधिक शीतलहर की चेतावनी जारी की है। उत्तर-पश्चिम भारत में अगले एक सप्ताह तक, जबकि बिहार में पांच दिन और ओडिशा में अगले दो-तीन दिन तक घने कोहरे का असर बने रहने की संभावना जताई गई है। उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के लिए अगले दो दिनों तक शीत दिवस का अलर्ट भी जारी किया गया है।
दिल्ली-एनसीआर में कब मिलेगी राहत
मौसम विभाग के अनुसार 15 जनवरी के बाद दिल्ली में ठंड से कुछ राहत मिल सकती है। अगले पांच से छह दिनों में न्यूनतम तापमान बढ़कर 5 से 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। फिलहाल दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में न्यूनतम तापमान 3 से 4 डिग्री के आसपास बना हुआ है। उत्तराखंड में पाला पड़ने की चेतावनी दी गई है।
पहाड़ों और मैदानी इलाकों में हालात
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगिट-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री से नीचे दर्ज किया गया है। वहीं दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में तापमान 1 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। गुरुग्राम में 13 जनवरी को न्यूनतम तापमान माइनस 0.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
उत्तर भारत में कोहरा और शीतलहर का असर
जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में घना कोहरा छाया हुआ है। पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और राजस्थान में शीतलहर, जबकि उत्तर प्रदेश और पश्चिमी राजस्थान में अत्यधिक शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तर प्रदेश में ठंड का प्रकोप जारी
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक घना से अत्यधिक घना कोहरा बना रहने की संभावना है। बरेली, गाजियाबाद और सहारनपुर में शून्य दृश्यता दर्ज की गई है। बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर में तापमान 2 से 4 डिग्री के बीच बना हुआ है, जबकि गाजियाबाद, नोएडा, मेरठ और हापुड़ में न्यूनतम तापमान 4 से 5 डिग्री दर्ज किया गया।
Comments are closed.