पीएनबी स्कैम में कार्रवाई तेज, नीरव मोदी के भाइयों को अदालत का नोटिस

2

PNB घोटाला: नीरव मोदी के भाइयों को कोर्ट का नोटिस, FEO घोषित करने की प्रक्रिया शुरू

पंजाब नेशनल बैंक (PNB) घोटाले में भगोड़े हीरा कारोबारी नीरव मोदी के दो भाइयों निहाल मोदी और नेशाल मोदी को विशेष अदालत ने नोटिस जारी किया है। अदालत ने उनसे जवाब मांगा है कि उन्हें इस मामले में ‘फरार आर्थिक अपराधी’ (FEO) क्यों न घोषित किया जाए।

यह नोटिस विशेष अदालत के न्यायाधीश ए.वी. गुजराती ने बुधवार को जारी किए। अदालत प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत दर्ज मामलों की सुनवाई कर रही है। यह कार्रवाई प्रवर्तन निदेशालय (ED) की याचिकाओं के आधार पर की गई है, जिसमें दोनों को फरार आर्थिक अपराधी घोषित करने की मांग की गई है।

अदालत ने नीरव मोदी की कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों आदित्य ननवती और संदीप मिस्त्री को भी इसी तरह के नोटिस जारी किए हैं। इन दोनों के खिलाफ भी एफईओ घोषित करने की कार्यवाही चल रही है।

सभी आरोपियों को 7 मई तक अपना जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया गया है। अगर किसी व्यक्ति को फरार आर्थिक अपराधी घोषित किया जाता है, तो उसकी संपत्तियों को अटैच या जब्त किया जा सकता है।

ईडी के मुताबिक, निहाल मोदी ने फर्जी कंपनियों और विदेशी लेनदेन के जरिए नीरव मोदी को बड़ी मात्रा में धन ट्रांसफर करने और उसे छिपाने में मदद की। वहीं एजेंसी की चार्जशीट में आरोप है कि नेशाल मोदी ने डमी पार्टनर नियुक्त करने में भूमिका निभाई और 2011 से 2013 के बीच दुबई स्थित कुछ शेल कंपनियों में हस्ताक्षरकर्ता या लाभार्थी रहे।

जांच एजेंसियों के अनुसार, निहाल मोदी को 2025 में अमेरिका में गिरफ्तार किया गया था और फिलहाल वह ईडी तथा सीबीआई द्वारा शुरू की गई प्रत्यर्पण प्रक्रिया का सामना कर रहे हैं।

Comments are closed.