बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ मंगलवार शाम आंध्र प्रदेश तट से टकरा गया, जिससे राज्य के कई तटीय इलाकों में तबाही मच गई।
चक्रवात के प्रभाव से तेज़ हवाएं, भारी बारिश और भूस्खलन की घटनाओं ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। पड़ोसी राज्य ओडिशा में भी इसका असर देखने को मिला, जहां 15 जिलों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, चक्रवात के तट से टकराने की प्रक्रिया शाम करीब 7 बजे शुरू हुई और यह काकीनाडा के पास मछलीपट्टनम और कलिंगपट्टनम के बीच से गुजरा। इस दौरान हवा की रफ्तार 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक दर्ज की गई।
भारी नुकसान और जनहानि की खबरें
कोनासीमा जिले के मकानगुडेम गांव में तेज़ हवाओं के कारण एक ताड़ का पेड़ उखड़कर एक महिला के ऊपर गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। प्रारंभिक रिपोर्टों के मुताबिक, आंध्र प्रदेश में 38,000 हेक्टेयर फसल और 1.38 लाख हेक्टेयर बागानों को भारी नुकसान हुआ है। लगभग 76,000 लोगों को सुरक्षित राहत शिविरों में पहुंचाया गया, जबकि सरकार ने 219 अस्थायी चिकित्सा शिविरों की स्थापना की है। साथ ही, पशुपालन विभाग ने 865 टन चारे की व्यवस्था की है।
ओडिशा में भी सतर्कता, 15 जिले प्रभावित
ओडिशा में प्रशासन ने पहले से ही सतर्कता बरतते हुए गंजम, पुरी और जगतसिंहपुर जिलों में 200 राहत केंद्र और 2,000 आपदा प्रबंधन केंद्र सक्रिय कर दिए थे। दक्षिणी ओडिशा के मलकानगिरी, रायगढ़ा, कोरापुट और कालाहांडी समेत आठ जिलों से भूस्खलन और नुकसान की खबरें आई हैं। गजपति जिले में पहाड़ियों से बड़े पत्थर गिरने के कारण कई गांवों का संपर्क टूट गया।
रेल और हवाई सेवाएं प्रभावित
चक्रवात के चलते यातायात पर भी असर पड़ा है। दक्षिण मध्य रेलवे ने 120 ट्रेनों को रद्द किया, जबकि कई ट्रेनों का रूट बदला गया या समय पुनर्निर्धारित किया गया। विशाखापत्तनम हवाई अड्डे से 32 उड़ानें और विजयवाड़ा से 16 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं।
राज्य सरकार की चेतावनी
मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि करीब 3,700 से अधिक गांवों में भारी बारिश का अनुमान है। सरकार ने कृष्णा, एलुरु और काकीनाडा जिलों में मंगलवार रात 8:30 बजे से बुधवार सुबह 6 बजे तक वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है, हालांकि आपातकालीन सेवाओं को इससे छूट दी गई है।
IMD के मुताबिक, ‘मोंथा’ अगले कुछ घंटों तक आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के आंतरिक इलाकों में भारी बारिश लाता रहेगा और धीरे-धीरे कमजोर पड़ेगा।
Comments are closed.